हरियाणा में इस जिले के लोग सबसे स्वस्थ, 6.33 लाख लोगों की जांच में सिर्फ 1.69 में मिली बीमारी
Nirogi Haryana news : हरियाणा सरकार की निरोगी हरियाणा योजना के तहत स्वास्थ्य जांच अभियान में पानीपत जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। नवंबर 2022 से अब तक जिले में 6 लाख 33 हजार 269 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इनमें से केवल 10 हजार 760 लोग ही बीमार पाए गए हैं। कुल जांच में बीमार मिले लोगों का प्रतिशत महज 1.69 रहा है, जो प्रदेश के जिलों में सबसे कम बताया गया है।
यह आंकड़ा जिले में स्वास्थ्य जांच अभियान की व्यापक पहुंच और लोगों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अहम तस्वीर पेश करता है। निरोगी हरियाणा योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
योजना के तहत 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ टीबी, एनीमिया, कुष्ठ रोग, ब्लड प्रेशर, शुगर और हृदय रोग जैसी बीमारियों की पहचान की जाती है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पानीपत में अब तक 6,33,269 नागरिकों की जांच हुई है। इनमें 10,760 लोगों में बीमारी की पुष्टि हुई। इस तरह जांच कराने वाले लोगों में बीमार पाए गए नागरिकों का अनुपात 1.69 प्रतिशत रहा।
जांच के मामले में प्रदेश में तीसरे नंबर पर पानीपत
स्वास्थ्य जांच के आंकड़ों में पानीपत प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। उपलब्ध जिला-वार आंकड़ों के मुताबिक फरीदाबाद में 8,24,502 लोगों की जांच हुई, जबकि गुरुग्राम में 6,57,619 लोगों की जांच की गई। पानीपत में 6,33,269 लोगों की जांच के साथ जिला तीसरे स्थान पर है। हालांकि, बीमार पाए गए लोगों का अनुपात पानीपत में सबसे कम दर्ज किया गया है।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की हुई जांच
योजना के तहत अलग-अलग आयु वर्ग के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया है। पांच वर्ष तक के 3,63,633 बच्चों की जांच की गई। वहीं 6 महीने से 5 वर्ष तक के 49,245 बच्चों की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई।
युवा वर्ग में 5 से 18 वर्ष आयु के 1,93,336 और 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 2,31,087 लोगों ने जांच कराई। इसके अलावा 40 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 1,13,230 नागरिकों और 60 वर्ष से अधिक आयु के 42,738 बुजुर्गों ने भी योजना का लाभ उठाया।
शुगर और कोलेस्ट्रॉल की भी बड़े स्तर पर जांच
स्वास्थ्य विभाग की ओर से केवल सामान्य जांच तक अभियान सीमित नहीं रखा गया, बल्कि कई महत्वपूर्ण मेडिकल टेस्ट भी किए गए। आंकड़ों के अनुसार, ब्लड शुगर के 5,70,693 परीक्षण और सीरम कोलेस्ट्रॉल के 3,85,330 टेस्ट किए गए। इसके अलावा किडनी की कार्यक्षमता जांचने के लिए ब्लड यूरिया के 3,85,222 और सीरम क्रिएटिनिन के 3,84,702 परीक्षण किए गए।
85 लाख से अधिक लैब टेस्ट किए गए
योजना के तहत पानीपत जिले में अब तक कुल 85,55,559 लैब टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं 62,05,757 सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) टेस्ट भी किए गए हैं। इन आंकड़ों के आधार पर पानीपत स्वास्थ्य जांच के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. विजय मलिक के अनुसार, निरोगी हरियाणा योजना के तहत पानीपत में बड़े स्तर पर नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई है। अभियान का उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान करना और जरूरतमंद परिवारों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है।