{"vars":{"id": "141324:5161"}}

पानीपत पुलिस ने किया ATM ठगी का पर्दाफाश, 2 शातिर ठग दबोचे, 17 केसों का खुलासा

पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण (IPS) के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
 

Panipat News : हरियाणा के पानीपत में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने के मामले में थाना औद्योगिक सेक्टर-29 पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के चांदपुर मजबदा, बड़गांव निवासी प्रदीप उर्फ दीपा उर्फ थापा और संजय के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी कर निकाले गए 60 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण (IPS) के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एटीएम में पैसे निकालने गए युवक का कार्ड बदला
पुलिस के अनुसार, गांव सिवाह निवासी गब्बर सिंह ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी रेखा का उज्जीवन बैंक में खाता है। खाते से पैसे निकालने के लिए उनके पास एटीएम कार्ड था। 6 अक्टूबर 2026 को उनका बेटा नितिन गांव सिवाह स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था।

इस दौरान दो अन्य युवक भी एटीएम में मौजूद थे। नितिन ने पहले 10 हजार रुपये, फिर 10 हजार रुपये और इसके बाद 5 हजार रुपये निकाले। आखिरी बार पैसे निकालने के बाद वह अपना एटीएम कार्ड मशीन से निकालना भूल गया।

इसी दौरान वहां मौजूद युवकों ने उसका एटीएम कार्ड निकालकर उसे दे दिया। 8 अक्टूबर को जब परिवार दोबारा पैसे निकालने पहुंचा तो पता चला कि उनके पास मौजूद कार्ड उनका नहीं है। कार्ड आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का रुपे डेबिट कार्ड था, जो केदारनाथ के नाम पर जारी किया गया था।

इसके बाद परिवार ने बैंक में जाकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करवा दिया और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में मामला दर्ज किया गया था। 

आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रदीप के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और 60 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।