6 साल पुराने ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी, आरोपी काबू
Panipat crime : पानीपत के गांव पूठर में शराब के ठेके पर लूट की कोशिश के दौरान सेल्समैन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने छह साल बाद तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीआईए-2 की टीम ने आरोपी रोहित उर्फ गंजू निवासी गांव गंगाना, जिला सोनीपत को प्रोडक्शन वारंट पर सोनीपत जेल से लाकर गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला सहित 11 अन्य संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पूछताछ और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। सीआईए-2 प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण के मार्गदर्शन में पुराने अनसुलझे मामलों और संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में वर्ष 2020 के पूठर शराब ठेका हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपियों दीपक उर्फ भोला निवासी गांव गंगाना, जिला सोनीपत और हरकेश निवासी गांव ढंराणा, जिला झज्जर को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपी इनामी थे।
तीसरा आरोपी रोहित उर्फ गंजू सोनीपत जेल में बंद था। इसकी जानकारी मिलने के बाद सीआईए-2 की टीम ने अदालत से उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। इसके बाद उसे सोनीपत जेल से पानीपत अदालत में पेशी पर लाया गया, जहां पुलिस ने उसे इस हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रोहित उर्फ गंजू का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ पूठर हत्याकांड के अलावा हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संगीन अपराधों से संबंधित 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में उसकी भूमिका, घटनाक्रम और अन्य जरूरी साक्ष्यों को लेकर पूछताछ करेगी।
लूट के इरादे से शराब ठेके पर पहुंचे थे तीन हथियारबंद आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020 में थाना इसराना क्षेत्र के गांव पूठर स्थित शराब के ठेके पर तीन हथियारबंद आरोपी लूट की नीयत से पहुंचे थे। इस दौरान आरोपियों ने ठेके पर मौजूद सेल्समैन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। गहन जांच के बाद आरोपियों की पहचान हुई और पुलिस ने धीरे-धीरे तीनों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस संबंध में थाना इसराना में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है।