त्योहारी भीड़ के बीच रोडवेज के इंतजाम, कई रूटों पर अतिरिक्त बसें, बढ़ाए फेरे
Haryana news : दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही दूसरे शहरों में काम, कारोबार और पढ़ाई करने वाले लोगों का घर लौटना शुरू हो गया है। ट्रेनों में भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई है और टिकट भी बुक नहीं हो पा रही हैं तो ऐसे में हरियाणा रोडवेज ने भी अपनी कमर कस ली है और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने और सुरक्षित सफर तथा समय पर घर पहुंचाने के उद्देश्य से बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं।
पानीपत बस स्टैंड की बात की जाए तो यहां यात्रियों की आवाजाही बढ़ रही है। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने विभिन्न रूटों पर बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू कर दिए हैं।
पानीपत रोडवेज डिपो से रोजाना 126 बसें अलग-अलग मार्गों पर संचालित की जा रही हैं। दिल्ली, रोहतक, सिरसा, हरिद्वार, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा रहने के कारण इन रूटों पर अतिरिक्त चक्कर लगाए जा रहे हैं।
आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए गए हैं। त्योहार के दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने बसों के संचालन और यात्रियों की भीड़ पर निगरानी बढ़ा दी है।
रोडवेज अधिकारी राकेश शर्मा के अनुसार, जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक मिल रही है, वहां अतिरिक्त बस फेरे लगाए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि यात्रियों को बस स्टैंड पर अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े।
पानीपत रोडवेज महाप्रबंधक विक्रम कंबोज ने बताया कि डिपो की सभी बसें निर्धारित रूटों पर चल रही हैं। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संचालन पर लगातार नजर रखी जा रही है।