{"vars":{"id": "141324:5161"}}

सोलर उपभोक्ताओं के लिए बदलने वाला है पूरा गणित, बैटरी से लेकर बिजली बिल तक नए नियम

 

Solar scheme update : घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल कम करने वालों के लिए आने वाले दिनों में नियम बदल सकते हैं। केंद्र सरकार रूफटॉप सोलर सिस्टम को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है।

इसके तहत तय क्षमता से अधिक सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं को बैटरी स्टोरेज सिस्टम लगाना पड़ सकता है। वहीं, निर्धारित सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने पर नेट मीटरिंग के लिए अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ सकता है।

केंद्रीय बिजली मंत्रालय ने Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 में संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया है। प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को कम करना और सोलर से पैदा होने वाली बिजली का बेहतर प्रबंधन करना है। हालांकि, अभी ये प्रस्ताव हैं और अंतिम नियम लागू होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि उपभोक्ताओं पर इनका कितना असर पड़ेगा।

10 किलोवाट से बड़े सोलर सिस्टम पर बैटरी की शर्त
प्रस्ताव के मुताबिक, राज्य बिजली नियामक आयोग (SERC) यह तय करेंगे कि कितनी क्षमता से अधिक के रूफटॉप सोलर सिस्टम के साथ बैटरी लगाना जरूरी होगा। यदि किसी राज्य में नियामक आयोग अलग से क्षमता निर्धारित नहीं करता है तो 10 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर यह शर्त लागू हो सकती है।

प्रस्ताव में बैटरी की क्षमता सोलर सिस्टम से एक दिन में पैदा होने वाली कुल बिजली के कम से कम 20 प्रतिशत के बराबर रखने की बात कही गई है। इस व्यवस्था को 1 अप्रैल 2028 से लागू करने का प्रस्ताव है। इससे दिन में पैदा होने वाली अतिरिक्त बिजली को बैटरी में जमा किया जा सकेगा और शाम या रात के समय जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।

नेट मीटरिंग पर भी लग सकता है अतिरिक्त शुल्क
अभी रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ता दिन में अपनी जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा होने पर उसे ग्रिड में भेज सकते हैं। वहीं, रात के समय जब सोलर पैनल बिजली नहीं बनाते तो वे ग्रिड से बिजली लेते हैं। नेट मीटरिंग सिस्टम के जरिए बिजली के आयात और निर्यात का हिसाब रखा जाता है।

नए प्रस्ताव में इस व्यवस्था को लेकर बदलाव की तैयारी है। इसके तहत राज्य नियामक आयोग एक निश्चित क्षमता सीमा तय करेंगे। इस सीमा के भीतर आने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त नेट मीटरिंग शुल्क से छूट मिल सकती है। लेकिन निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली ग्रिड में भेजने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त चार्ज लगाया जा सकेगा।

इस शुल्क का निर्धारण ग्रिड नेटवर्क पर पड़ने वाले भार, बिजली वितरण कंपनियों की लागत और बैटरी स्टोरेज की अनुमानित लागत को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।

छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को मिल सकती है राहत
प्रस्तावित नियमों का असर सभी सोलर उपभोक्ताओं पर एक जैसा नहीं होगा। कम क्षमता वाले घरेलू सोलर सिस्टम लगाने वालों को राज्य नियामक आयोग की निर्धारित सीमा के अनुसार राहत मिल सकती है। वहीं, बड़े मकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों में अधिक क्षमता वाले सोलर प्लांट लगाने वालों का खर्च बढ़ने की संभावना है।
ऐसे उपभोक्ताओं को बैटरी लगाने के साथ-साथ अतिरिक्त नेट मीटरिंग शुल्क भी देना पड़ सकता है।

बिजली बिल में गड़बड़ी होने पर भी मिलेगा फायदा
केंद्र सरकार ने प्रस्तावित संशोधनों में बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए भी प्रावधान शामिल किया है। इसके अनुसार, यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल पिछले छह बिलिंग साइकल के औसत बिल से पांच गुना अधिक या औसत के पांचवें हिस्से से भी कम आता है तो बिजली वितरण कंपनी को इसकी जांच करनी होगी।

डिस्कॉम को इस तरह की असामान्य बिलिंग की गड़बड़ी 30 दिनों के भीतर ठीक करनी होगी। जांच पूरी होने तक उपभोक्ता पिछले छह बिलों के औसत के बराबर राशि जमा कराता है तो उसका बिजली कनेक्शन नहीं काटा जा सकेगा।