100.65 करोड़ से पंजाब के खेतों की बुझेगी प्यास, 90 हजार एकड़ कृषि भूमि के लिए बनी योजना
Punjab News : पंजाब के किसानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने 90 हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई के लिए दो बड़ी परियोजनों को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं पर 100.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल के अनुसार इन परियोजनाओं के तहत 64.11 करोड़ रुपये से 1-आर डिस्ट्रीब्यूटरी की कंक्रीट लाइनिंग और 36.54 करोड़ की कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना को पूरा किया जाएगा। इससे करीब 60 साल पुरानी 1-आर डिस्ट्रीब्यूटरी का पुनर्निर्माण होगा और इससे इस नहर की पानी क्षमता बढ़ेगी।
इस परियोजना पंजाब के फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों के करीब 80 गांवों में 69,967 एकड़ कृषि भूमि में सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी। यहां किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर प्रबंध मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कंक्रीट लाइनिंग के बाद होने के बाद इसकी क्षमता 248.69 क्यूसेक तक बढ़ जाएगी। जो कि फिलहाल 154.50 क्यूसेक है।
क्योंकि अभी तक इस नहर में पानी का रिसाव बड़ी समस्या आ रही थी। ऐसे में अब पानी की बर्बादी रूकेगी और किसानों को अधिक पानी मिल सकेगा।
दूसरी परियोजना से 20,719 एकड़ कृषि भूमि को मिलेगा पानी
उन्होंने कहा कि दूसरी परियोजना यानी कपूरी लिफ्ट सिंचाई योजना से पटियाला जिले में 20 गांवों की 20,719 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी। यहां किसानों द्वारा लंबे समय से सिंचाई की सुविधा बढ़ाने के लिए मांग की जा रही थी। इस योजना के तहत नहरी पानी को लिफ्ट किया जाएगा और पाइपलाइन से यह खेतों तक पहुंचेगा।
मंत्री ने बताया कि इस परियोजना से पंजाब के सराला कलां, कमालपुर, कपूरी, लाछड़ू खुर्द, सौंटा, रामपुर, चमारू, ताहिरपुर, झाड़वां, हरपालां, नारायणगढ़, लोह सिंबली, दड़वा, शमसपुर, धर्मगढ़, मंडियाणा, कामी खुर्द, उंटसर, ननहेड़ी और शेखूपुर गांवों में किसानों को सिंचाई के बेहतर अवसर मिलेंगे।