दिसंबर में रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले, 47 जोड़ी ट्रेनों में बढ़ेंगे 131 अतिरिक्त डिब्बे
Railway news : दिसंबर महीने में रेल यात्रियों को भीड़ और सीटों की किल्लत से राहत मिलने वाली है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सर्दियों के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 47 जोड़ी ट्रेनों में 131 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी और स्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इनमें थर्ड एसी इकोनॉमी, द्वितीय शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। इस फैसले से भिवानी सहित प्रदेश के कई शहरों से सफर करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दिसंबर और जनवरी की शुरुआत में अलग-अलग रेलगाड़ियों में यात्रियों की सुविधा के हिसाब से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। कुछ ट्रेनों में एक महीने के लिए अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, जबकि कुछ रेल सेवाओं में थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी के कोच स्थायी रूप से बढ़ाए जाएंगे।
अजमेर-अमृतसर और दिल्ली-बठिंडा एक्सप्रेस में बढ़ेंगे कोच
अजमेर-अमृतसर-अजमेर रेल सेवा की गाड़ी संख्या 19611/19614 में अजमेर से 2 दिसंबर से 31 दिसंबर तक और अमृतसर से 3 दिसंबर से 1 जनवरी तक थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
इसी रूट की गाड़ी संख्या 19613/19612 में भी अजमेर से 2 दिसंबर से 31 दिसंबर और अमृतसर से 3 दिसंबर से 1 जनवरी तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी इकोनॉमी कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की जाएगी। दिल्ली-बठिंडा-दिल्ली एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14731/14732 में दिल्ली से 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक तथा बठिंडा से 2 दिसंबर से 1 जनवरी तक द्वितीय शयनयान श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
भिवानी-मथुरा रूट पर भी बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा
भिवानी से मथुरा के बीच चलने वाली रेलगाड़ियों में भी अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। गाड़ी संख्या 14705/14706 में 2 दिसंबर से 1 जनवरी तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। वहीं, गाड़ी संख्या 14725/14726 में 3 दिसंबर से 2 जनवरी तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाए जाएंगे।
इसके अलावा रेवाड़ी-हिसार-रेवाड़ी रेल सेवा की गाड़ी संख्या 59632/59631 में 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पांच अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।
हिसार-जयपुर और अन्य रेल सेवाओं में भी बढ़ेंगे डिब्बे
रेलवे ने हिसार-जयपुर रेल सेवा गाड़ी संख्या 14715/14716, जयपुर-बठिंडा रेल सेवा गाड़ी संख्या 14734/14733 और गाड़ी संख्या 54704/54703 में भी अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की है। इन सेवाओं में 1 दिसंबर से 3 जनवरी के बीच चार-चार अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।
बीकानेर-कालका-बीकानेर रेल सेवा गाड़ी संख्या 14795/14796 में भी 1 दिसंबर से 31 दिसंबर तक तीन अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जाएगी।
अस्थायी व्यवस्था के अलावा रेलवे ने तिलकब्रिज-सिरसा-तिलकब्रिज रेल सेवा में थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 15307/15308 में यह सुविधा यात्रियों को उपलब्ध होगी। इससे इस रूट पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी।
यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त सीटों का विकल्प
बीकानेर मंडल की रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य हरीश गोस्वामी के अनुसार, दिसंबर में यात्रियों की सुविधा के लिए 47 जोड़ी रेलगाड़ियों में 131 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। इसमें भिवानी से संबंधित कई रेल सेवाएं भी शामिल हैं।