{"vars":{"id": "141324:5161"}}

टोल प्लाजा पर ये गलती की तो 8 गुणा तक भरना होगा जुर्माना 

 

NHAI Toll Tax new rule : बिना बैरियर वाले टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की चोरी करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। अब नंबर प्लेट छिपाकर या उसके साथ छेड़छाड़ कर टोल बचाना महंगा पड़ सकता है। केंद्र सरकार ऐसे वाहन मालिकों से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक वसूलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राष्ट्रीय नियमों में संशोधन करने जा रहा है।

नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से वाहनों की पहचान की जाएगी। टोल से गुजरने वाले वाहनों की फोटो और अन्य जानकारियों का एआई के माध्यम से विश्लेषण होगा।

इससे उन वाहनों को आसानी से पकड़ा जा सकेगा, जिनकी नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई गई है या उसके अक्षरों और अंकों के साथ छेड़छाड़ की गई है। इस तकनीक को अगले दो महीने में लागू किए जाने की संभावना है।

मौजूदा जुर्माने से अलग होगी नई वसूली
फिलहाल मोटर वाहन कानून के तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5 हजार रुपए और दूसरी बार गलती करने पर 10 हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान है। हालांकि, प्रस्तावित नई व्यवस्था में टोल टैक्स चोरी के लिए अलग से वसूली की जाएगी।

यानी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन मालिकों को मौजूदा कानूनी जुर्माने के अलावा सामान्य टोल शुल्क से कई गुना अधिक राशि भी चुकानी पड़ सकती है।

2 से 4 प्रतिशत वाहनों में सामने आती है गड़बड़ी
अनुमान के मुताबिक, करीब 2 से 4 प्रतिशत वाहनों में नंबर प्लेट छिपाने या उसके साथ छेड़छाड़ करने की समस्या सामने आती है। ऐसे वाहन चालक बिना टोल दिए निकलने या टोल भुगतान से बचने की कोशिश करते हैं। एआई आधारित निगरानी व्यवस्था लागू होने के बाद इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।