हरियाणा राजस्थान रेलमार्ग पर दौड़ेंगी तेज रफ्तार ट्रेनें, 226 किमी ट्रैक कवच से सुरक्षित होगा
Railway news : हरियाणा और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दोनों राज्यों को कनेक्ट करने वाले रेल मार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने वाली है। इससे यात्रियों के समय की काफी बचत होगी। दरअसल रेवाड़ी से जयपुर के बीच करीब 226 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रेनों की सुरक्षा और गति बढ़ाने के लिए रेलवे कवच प्रणाली लगाने की तैयारी कर रहा है।
इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 130 किलोमीटर रेलखंड पर ट्रायल पूरा हो चुका है, जबकि पूरे रेलखंड को तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। रेवाड़ी-जयपुर रेलमार्ग पर पहले चरण में 67.03 किलोमीटर लंबे रेवाड़ी-बांदीकुई रेलखंड में कवच प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया था।
इसके बाद अब रेलवे इस तकनीक को आगे के हिस्सों में विस्तार देने की योजना पर काम कर रहा है। रेवाड़ी से जयपुर के बीच विभिन्न हिस्सों में ट्रैक, सिग्नलिंग और सुरक्षा उपकरणों को आधुनिक बनाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, इस रेलखंड पर कुल 226 किलोमीटर में कवच प्रणाली लगाने की योजना है। इसमें करीब 130 किलोमीटर ट्रैक पर ट्रायल पूरा हो चुका है। इस तकनीक के लागू होने से ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ेगी और भविष्य में गति बढ़ाने के लिए भी बेहतर आधार तैयार होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए सुरक्षा का नया आयाम
उत्तर पश्चिम रेलवे में करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से 5,561 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच 4.0 प्रणाली स्थापित की जा रही है। इसमें लगभग 1,586 किलोमीटर में इलेक्ट्रिक मिक्सिंग सिस्टम लगाने का काम भी शामिल है। इसके तहत 87.35 किलोमीटर ट्रैक पर कवच प्रणाली का परीक्षण किया जा चुका है।
रेलवे का लक्ष्य रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाना है, ताकि सिग्नल पार करने जैसी घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके और ट्रेनों के संचालन में तकनीकी सहायता मिल सके।
ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने में भी मिलेगी मदद
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कवच प्रणाली के विस्तार के साथ रेलखंड पर ट्रेनों की गति बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। फिलहाल कई हिस्सों में ट्रैक और सिग्नल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की जरूरत है। रेलवे का प्रयास है कि तकनीकी सुधारों के बाद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर रेल सेवा मिल सके।
रेवाड़ी-जयपुर रेलखंड पर कवच प्रणाली का विस्तार होने से रेल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही भविष्य में ट्रेनों की गति बढ़ाने और समयबद्ध संचालन के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।