{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Kal Ka Mausam: देश के इन राज्यों में कल जमकर बरसेंगे बदरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

 

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में जारी मानसूनी बारिश के बीच मौसम विभाग ने 8 अगस्त के लिए एक बार फिर भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के 16 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन 16 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल में 8 अगस्त को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है।

उत्तर भारत में बढ़ सकती हैं मुश्किलें

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत और उससे सटे मध्य भारत में सप्ताह के अधिकांश दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

इसके अलावा, पश्चिम बंगाल और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत हैं। वहीं दक्षिणी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) मानसूनी गतिविधियों को और सक्रिय कर सकता है।

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में 8 अगस्त को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश

मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया, देवरिया सहित कई जिलों में भारी बारिश और 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 28°C रहने की संभावना है।

बिहार

पटना समेत गया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा और अन्य कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है।

झारखंड

रांची, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में 8 और 9 अगस्त को भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची का तापमान 26°C से 24°C के बीच रह सकता है।

उत्तराखंड

बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। देहरादून का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश

कांगड़ा, शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा और सोलन में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में तापमान 14°C से 11°C के बीच रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर

पुंछ, जम्मू, कठुआ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, कुलगाम और अनंतनाग में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 18°C रहने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल

कोलकाता, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, मालदा, बांकुड़ा और अलीपुरद्वार सहित कई जिलों में भारी बारिश और 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता का तापमान 31°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है।

पंजाब

होशियारपुर, अमृतसर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, बठिंडा और आसपास के इलाकों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान

जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, उदयपुर और अन्य जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 26°C रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश

भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, विदिशा, कटनी और अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है।