मुंबई से हिमाचल के शक्तिपीठों तक सीधी ट्रेन! बांद्रा-चंडीगढ़ एक्सप्रेस अंब अंदौरा तक
Bandra-Chandigarh Express : मुंबई से पंजाब और हरियाणा की सीमा तक चलने वाली ट्रेन संख्या 22451 / 52 द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार हिमाचल के ऊना जिले में स्थित अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन तक करने की तैयारी है।
अंबाला रेलवे मंडल के अधिकारियों ने इस रूट विस्तार को लेकर प्राथमिक तकनीकी व परिचालन संबंधी व्यवहार्यता जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही ट्रेन का विस्तार कर नया समय-सारणी जारी कर दिया जाएगा।
ट्रेन के विस्तार से हिमाचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक बिना परेशानी के पहुंच सकेंगे श्रद्धालु और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह पहल क्षेत्र के यात्रियों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है। अधिकारियों का कहना है कि रेक की उपलब्धता, रूट की क्षमता और टाइमिंग के तालमेल की जांच पूरी होते ही विस्तृत प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
धार्मिक स्थलों को लाभ : इस ट्रेन के विस्तार से मुंबई,
गुजरात, राजस्थान, दिल्ली और ट्राइसिटी ( चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला ) के लाखों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। अंब अंदौरा स्टेशन प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी जी के बेहद करीब है। इसके अलावा ज्वालाजी, माता नैना देवी और कांगड़ा देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब सीधे रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी।
सिखों के पवित्र तख्त श्री केशगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब) तथा मैड़ी (ऊना) स्थित प्रसिद्ध डेरा बाबा वडभाग सिंह आने वाले श्रद्धालुओं को भी चंडीगढ़ या अंबाला में ट्रेन बदलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी।