{"vars":{"id": "141324:5161"}}

धनतेरस आज : देखें पूजा और खरीदारी का शुभ मुहूर्त, बाइक, स्कूटी, कार की जमकर बुकिंग 

 

Dhanteras : आज धनतेरस है और इस त्योहार पर हरियाणा भर में 4 हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद है। बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर दो पहिया और चार पहिया वाहनों की मांग में तेजी आई है। 

मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, बर्तन, वाहन और अन्य घरेलू सामान खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसी परंपरा के चलते लोग धनतेरस के दिन अपनी जरूरत और बजट के अनुसार नई वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। कई परिवारों ने पहले ही वाहन और अन्य महंगे सामान की बुकिंग करवा रखी है, ताकि शुभ मुहूर्त में खरीदारी की जा सके। 

बर्तन, सजावटी सामान और अन्य वस्तुओं की भी खरीदारी
धनतेरस के अवसर पर वाहन और मूर्तियों के अलावा बर्तनों, इलेक्ट्रानिक सामान, सोने-चांदी के आभूषणों व घर की सजावट से जुड़ी वस्तुओं की भी मांग बढ़ने की उम्मीद है। धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है।

बाजार में स्टील की थाली 150 से 400, स्टील डिनर सेट एक हजार से 3500, प्रेशर कुकर 1200 से तीन हजार, पीतल का लोटा 400 से 1200 रुपये, तांबे का लोटा 300 से 900 रुपये, फूल झाड़ू 100 से 250 रुपये, पूजा की थाली 200 से एक हजार रुपये में उपलब्ध है।

चांदी के सिक्के कम बजट में बनेंगे विकल्प
सोने के मुकाबले चांदी के सिक्के खरीदना कुछ ग्राहकों के लिए कम बजट वाला विकल्प है। कर्ण-अशोक ज्वैलर्स के अनुसार पांच ग्राम सोने का सिक्का 1250 रुपये, 10 ग्राम चांदी का सिक्का 2500 रुपये, 20 ग्राम चांदी का सिक्का पांच हजार, 50 ग्राम चांदी का सिक्का 10 हजार रुपये से ज्यादा का है। वहीं चांदी की छोटी मूर्तियां 2500 से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक उपलब्ध है।

धनतेरस पर पूजा और खरीदारी का शुभ मुहूर्त
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि धनतेरस के दिन शुक्रवार को पूजा और खरीदारी के लिए शुभ समय का विशेष ध्यान रखा जाता है। धनतेरस पूजा मुहूर्त शाम छह बजकर 19 मिनट से रात आठ बजकर 17 मिनट तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5 बजकर 49 मिनट से रात आठ बजकर 23 मिनट तक रहेगा।

वृषभ काल शाम छह बजकर 19 मिनट से रात आठ बजकर 17 मिनट तक रहेगा। सुबह साढ़े 10 से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस दौरान शुभ कार्य करने से बचें। दोपहर बाद तीन बजकर 20 मिनट से लेकर शाम पांच बजकर 10 मिनट तक खरीदारी और पूजा के लिए शुभ समय रहेगा। इस संयोग में की गई खरीदारी, पूजा व पाठ और शुभ कार्य विशेष फलदायी माने जाते हैं।