{"vars":{"id": "141324:5161"}}

2,711 करोड़ से चमकेंगे ये 13 रेलवे स्टेशन, मिलेगा नया रूप

 

Railway station renovation : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशनों को आने वाले दिनों में नया रूप मिलने जा रहा है। इसके लिए रेलवे द्वारा 2711 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई है। इससे दिल्ली क्षेत्र के 13 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और सुंदर बनाया जा रहा है। 

यह सभी कार्य वित्त वर्ष 2026-27 में दिल्ली में रेलवे बुनियादी ढांचे के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देंगे। इसके अलावा दिल्ली में ही 8,976 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली शहर में रेलवे स्टेशन के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों पर भी काम किया जाना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 2711 करोड़ रुपये से जो काम हो रहे हैँ, यह अभी तक के विकास कार्यों का रिकार्ड स्तर है। यह सभी रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के पुनर्विकसित हो रहे हैं। इसको लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे रेलवे स्टेशनों पर अब पहले से कहीं अधिक सुविधाएं होंगी। इसमें यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज के साथ लिफ्ट जैसी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। इससे यात्री आसानी से अपनी यात्रा कर पाएंगे। 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए प्रयास कर रही हैं। इससे यात्रियों को भी कई नई और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे दिल्ली के स्टेशनों का आधुनिकीकरण तो होगा ही, साथ ही नई रेल सेवाओं के साथ सुरक्षा को भी अधिक बेहतर बनाया जाएगा। 

यह 13 रेलवे स्टेशन होंगे चकाचक
इस योजना के तहत दिल्ली में आने वाले नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल जैसे बड़े स्टेशनों के साथदिल्ली कैंट, सराय रोहिल्ला, शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर जैसे रेलवे स्टेशन भी आधुनिक रूप में नजर आएंगे।