2047 करोड़ से यहां बिछेगी नई रेल लाइन, देश का बड़ा रेलवे हब बनकर उभरेगा
New railway line : देश में रेल नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। रेलवे मंत्रालय द्वारा पहाड़ों की ऊंचाई से लेकर तलहटी और पानी के ऊपर तथा पानी के अंदर तक रेल नेटवर्क बिछ चुका है। इसी कड़ी में एक और नई रेलवे बिछने जा रही हैं और इस प्रोजक्ट पर 2 हजार 47 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
नई रेलवे लाइन आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में बिछने जा रही है। इसके तहत एर्रुपालेम से अमरावती होते हुए नंबुरू तक 57 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन बिछाई जा रही है। इस परियोजना पर करीब 2,047 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे लाइन बनने से राजधानी क्षेत्र के साथ आसपास के कई जिलों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इस रेल परियोजना को केंद्र सरकार की ओर से मंजूरी दी जा चुकी है। अक्टूबर 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस नई रेलवे लाइन को स्वीकृति दी थी। इसके तहत तेलंगाना के एर्रुपालेम से आंध्र प्रदेश के नंबुरू तक रेल मार्ग तैयार किया जाएगा। यह लाइन अमरावती से होकर गुजरेगी। परियोजना से करीब 168 गांवों और 12 लाख की आबादी को रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कृष्णा नदी पर बनेगा 3.2 किलोमीटर लंबा पुल
इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा कृष्णा नदी पर बनने वाला करीब 3.2 किलोमीटर लंबा रेलवे पुल है। इसके निर्माण से नदी के दोनों तरफ रेल संपर्क स्थापित होगा और नई रेलवे लाइन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। पुल और रेल मार्ग का निर्माण आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार किया जाएगा।
चार हिस्सों में बांटकर हो रहा काम
57 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के निर्माण को अलग-अलग पैकेज में पूरा करने की योजना है। अक्टूबर 2026 में परियोजना के अंतिम पैकेज के लिए भी टेंडर आमंत्रित किए गए। इसमें वड्डामानु से नंबुरू तक 28.35 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण शामिल है। इस हिस्से पर करीब 599.33 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके साथ ट्रैक, बिजली, सिग्नलिंग और अन्य जरूरी रेलवे सुविधाओं का काम भी किया जाएगा।
हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु की कनेक्टिविटी को मिलेगा फायदा
अमरावती को रेल नेटवर्क से जोड़ने का उद्देश्य राजधानी क्षेत्र में यातायात सुविधाओं को मजबूत करना है। नई लाइन के जरिए यह क्षेत्र मौजूदा रेल मार्गों से सीधे जुड़ सकेगा। इससे यात्रियों के साथ-साथ कारोबार और माल परिवहन को भी फायदा मिलने की संभावना है। परियोजना से विजयवाड़ा, गुंटूर और आसपास के क्षेत्रों की रेल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
अमरावती में रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से भविष्य में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार, पर्यटन और रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अभी तक राजधानी क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क की जरूरत महसूस की जा रही थी।