दिल्ली में सुबह जल्दी मिलेगी मेट्रो, इन स्टेशनों पर समय में बदलाव, देखें नया टाइमटेबल
Metro news update : दिल्ली के लोगों के लिए लाइफ लाइन बनी मेट्रो के समय में परिवर्तन किया जा रहा है। यह व्यवस्था भीड़ प्रबंधन के लिए फिलहाल 5 दिनों के लिए होगी। इस दौरान यात्रियों को सुबह 5:15 बजे से ही मेट्रो उपलब्ध हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा 18 नवंबर से 22 नवंबर तक यह व्यवस्था की गई है।
दरसअल दिल्ली में अधिकतर रूटों पर मेट्रो का संचालन सुबह 5:30 बजे के बाद ही किया जाता है। हालांकि एयरपोर्ट लाइन पर सेवा कुछ जल्दी शुरू हो जाती है। वहीं अब छठ पूजा के बाद लोग लौट रहे हैं, ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेट्रो द्वारा यह व्यवस्था की गई है।
पूर्वांचल क्षेत्र विशेष कर बिहार, झारखंड व उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों से लोग छठ पूजा के बाद वापस लौटने लगे हैं। इससे दिल्ली में एकदम यातायात पर दबाव बढ़ जाएगा। इसको नियंत्रित करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत मेट्रो की सेवाएं सुबह जल्दी शुरू करने की योजना बनाई है।
इसके तहत 18 से 22 नवंबर 2026 तक दिल्ली के आनंद विहार और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों से सेवाएं सुबह 5:15 बजे से मिलनी शुरू हो जाएंगी। हालांकि यह सुविधा फिलहाल इन्हीं 5 दिनों के लिए की गई हैं। क्योंकि यूपी- बिहार रूट से आने वाले यात्री इन्हीं 2 मुख्य स्टेशनों तक पहुंचते हैं, ऐसे में यहीं से सेवा का समय बदला गया है। इसके अलावा नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से येलो लाइन पर चलने वाली मेट्रो सेवाओं के लिए भी सुबह का समय 5:15 बजे तय कर दिया गया है।