Metro timings changed : दिल्ली मेट्रो का बदलेगा टाइमटेबल, इन 4 लाइनों पर सुबह 3:30 बजे मिलेगी पहली ट्रेन
देश की राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो के टाइम टेबल में बदलाव किया गया है। अब चार लाइनों पर मेट्रो अल सुबह ही चलेगी। हालांकि यह टाइमटेबल केवल एक दिन के लिए किया गया है, इसके बाद सामान्य दिनों की तरह ही ट्रेन चलेगी। दिल्ली में हाफ मैराथन का आयोजन होने वाला है। ऐसे में मैराथन मे भाग लेने वाले धावकों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने 18 अक्टूबर को मेट्रो को अल सुबह ही चलाने का निर्णय लिया है।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार यानी 18 अक्टूबर को होने वाली दिल्ली हाफ मैराथन 2026 के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने चार लाइनों पर सुबह 3:30 बजे से सेवा शुरू करने का फैसला किया है। इससे प्रतिभागियों को समय पर आयोजन स्थल पहुंचने में मदद मिलेगी।
इन लाइन पर अल सुबह चलेगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो ने एक दिन के लिए टाइम टेबल में बदलाव किया गया है। रविवार यानी 18 अक्टूबर को रेड लाइन, यलो लाइन, ब्लू लाइन और वायलेट लाइन पर सुबह 3:30 बजे से मेट्रो उपलब्ध होगी। इनमें रिठाला से शहीद स्थल, समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम, द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी या वैशाली और कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह तक के रूट शामिल हैं।
इतने बजे मिलेगी मेट्रो
सुबह 3:30 से 4:15 बजे तक इन चार लाइनों पर हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। वहीं, सुबह 4:15 से 6 बजे तक ट्रेनों का अंतराल 20 मिनट रहेगा। इसके बाद नियमित रविवार की समय-सारणी लागू हो जाएगी। अन्य मेट्रो लाइनों पर सेवाएं अपने सामान्य रविवार के समय से ही शुरू होंगी।
मैराथन धावकों को मिलेगी मुफ्त यात्रा
दिल्ली मेट्रो ने जहां समय में बदलाव किया गया है, वहीं मैराथन में भाग लेने वाले धावकों को भी मुफ्त में यात्रा करने का मौका दिया है। मैराथन के पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए आयोजन स्थल तक आने-जाने की मेट्रो यात्रा मुफ्त रखी गई है। इसके लिए आयोजकों की ओर से विशेष क्यूआर कोड वाले रिस्ट बैंड उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतिभागियों को इन्हें आयोजकों से प्राप्त करना होगा।