{"vars":{"id": "141324:5161"}}

गरीबों को मिलने वाले राशन के नियम में बड़ा बदलाव, अब दिखानी होगी  डिजिटल पहचान

 


बीपीएल या अंत्योदय योजना के तहत सरकार से सस्ता राशन लेने वाले परिवारों के लिए नियम में बड़ा बदलाव किया गया है। यह बदलाव मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। 
भोपाल में करीब 3.40 लाख परिवारों के 14 लाख लोगों को विभिन्न योजनाओं के तहत सस्ता राशन दिया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए इसको डिजिटली पारदर्शी बनाने की पहल हुई है। इसके तहत भोपाल में केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी यानी सीबीडीसी आधारित राशन वितरण की शुरूआत होगी। 
यह परियोजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लाई गई है। क्योंकि अब राशन कार्ड में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य का डिजिटल सत्यापन कराया जाएगा। अगले महीने यानी दिसंबर इस प्रक्रिया को शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जिन परिवारों के सदस्यों का डिजिटल सत्यापन पूरा नहीं किया जाएगा, उनको राशन लेने में परेशानी आएगी।

पात्र परिवार व लोगों को सस्ता राशन वितरण के लिए भोपाल जिले में 400 से अधिक सरकारी दुकान हैं। यहां से लाभार्थियों को हर महीने राशन वितरित हो रहा है। अब नई व्यवस्था की गई है कि इन सरकारी दुकानों पर परिवार के प्रत्येक सदस्य का आधार और समग्र पोर्टल में दर्ज मोबाइल नंबर का मिलान होगा।

ऐसे में यदि किसी भी लाभार्थी का मोबाइल नंबर दोनों प्लेटफार्म पर अलग है तो इसको ठीक किया जाना होगा। वहीं राशन की सरकारी दुकान पर सभी सदस्यों की जानकारी फीड होगी और इसका सत्यापन भी करवाना होगा। 
यह प्रक्रिया राशन सब्सिडी के वितरण और उपयोग को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए शुरू की गई है। 

लाभार्थियों के लिए जरूरी बातें 
नई योजना के तहत लाभार्थियों को राशन का लाभ मिलता रहे, इसके लिए जरूरी है कि परिवार के सभी सदस्यों का आधार और समग्र पोर्टल पर मोबाइल नंबर एक ही हो। यदि नंबर अलग हैं तो इसको एक करवाना होगा। इसके बाद राशन की दुकान पर सदस्यों की जानकारी दर्ज करवानी लाभार्थियों की जिम्मेदारी है। 

व्यवस्था में आएगी परदर्शिता
इस डिजिटल राशन व्यवस्था का उद्देश्य व्यवस्था में पारदर्शिता लाना है। साथ ही इससे राशन के दौरान होने वाले सभी लेनदेन का रिकार्ड तैयार किया जाएगा। इससे सरकार राशन पर भी निगरानी रख सकेगी कि पात्र की स्थिति कैसी है। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लग सकेगी।