{"vars":{"id": "141324:5161"}}

दिवाली आज : लक्ष्मी पूजन के लिए मात्र 2 घंटे का टाइम, जाने आपके शहर में कब है शुभ मुहूर्त 

 

Diwali Lakshmi Puja Timing : देशभर में आज 8 नवंबर यानि रविवार को दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है। रोशनी और खुशियों के इस पर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक रौनक छाई हुई है। लोग अपने घरों और दुकानों को दीपों, रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजा रहे हैं। दिवाली की शाम को मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन शुभ समय में पूजा करने का विशेष महत्व माना जाता है। इस बार कार्तिक महीने की अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11 बजकर 27 मिनट से शुरू हो रही है, जो 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगी।

इसी कारण रविवार को दिवाली का पर्व मनाया जा रहा है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस दिन शाम के समय लक्ष्मी पूजन के लिए विशेष मुहूर्त निर्धारित किया गया है।

लक्ष्मी पूजन के लिए यह रहेगा शुभ समय

दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए शुभ समय शाम 6 बजकर 6 मिनट से रात 8 बजकर 9 मिनट तक बताया गया है। वहीं प्रदोष काल शाम 5 बजकर 40 मिनट से रात 8 बजकर 9 मिनट तक रहेगा। वृषभ काल का समय भी शाम 6 बजकर 6 मिनट से रात 8 बजकर 9 मिनट तक निर्धारित किया गया है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष काल में दीप जलाना और लक्ष्मी-गणेश की पूजा करना शुभ माना जाता है। इसी समय परिवार के लोग एक साथ बैठकर पूजा-अर्चना करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

अलग-अलग शहरों में अलग रहेगा पूजा का समय
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, देश के अलग-अलग शहरों में सूर्योदय और सूर्यास्त के समय में अंतर होने के कारण लक्ष्मी पूजन के मुहूर्त में भी बदलाव रहता है। एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषी चंद्रेश शर्मा के अनुसार प्रमुख शहरों में पूजा का समय इस प्रकार रहेगा।

नई दिल्ली और उत्तर भारत के क्षेत्रों में शाम 5 बजकर 32 मिनट से रात 8 बजकर 5 मिनट तक लक्ष्मी पूजन का शुभ समय बताया गया है। 
मुंबई में शाम 6 बजकर 11 मिनट से रात 8 बजकर 31 मिनट तक, जबकि कोलकाता में शाम 5 बजे से रात 7 बजकर 22 मिनट तक पूजा का समय रहेगा।

इसी तरह चेन्नई में शाम 5 बजकर 51 मिनट से रात 8 बजकर 12 मिनट तक और बेंगलुरु में शाम 6 बजकर 1 मिनट से रात 8 बजकर 23 मिनट तक लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया है।