बिहार को मिली 100 इलेक्ट्रिक बसें, राजधानी पटना में चलेंगी 50
देश भर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्रदूषण रहित बनाने की दिशा में प्रयास चल रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार राज्य के सरकारी बस बेड़े में 100 इलेक्ट्रिक बस शामिल हो गई हैं। इनमें से 50 बस जहां राजधानी पटना में चलेंगी, वहीं 25 बस पूर्णिया में भेजी जाएंगी और अन्य बस दूसरे शहरों में सेवा देंगी।
गौरतलब है कि बिहार में सार्वजनिक परिवहन सेवा में यह बड़ा विस्तार माना जा रहा है। क्योंकि इससे लोगों को जहां बेहतर परिवहन सेवा मिल सकेगी, वहीं राज्य में प्रदूषण रहित परिवहन सेवा में भी बड़ा बल मिलेगा। इसको लेकर अब सरकार भविष्य में और अधिक बसें बेड़े में शामिल करने की योजना बना रही है।
इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पटना के फुलवारीशरीफ राज्य पथ परिवहन निगम की केंद्रीय कार्यशाला से किया गया। बिहार को यह बस पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत मिलीं हैं। यहां से 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर राज्य के लिए भेजा गया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इलेक्ट्रिक बस राज्य परिवहन में शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार मिलेगा।
इसके साथ ही यह बस शहरी क्षेत्रों में यात्रियों को प्रदूषण रहित, सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध करवाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल पर निर्भरता में कमी आएगी और परिवहन विभाग को बचत होगी।
पटना में 50 व पूर्णिया में 25 बसें
इस योजना के तहत बिहार पथ परिवहन निगम को मिली इलेक्ट्रिक बस बिहार की राजधानी पटना के अलावा पूर्णिया व अन्य जिलों में चलाई जाएंगी। योजना बनी है कि 100 बस में से 50 राजधानी पटना में चलेंगी, जबकि 25 बस पूर्णिया के लिए हैं। इसके अलावा बाकी बची बसों को अन्य शहरों में भेजा जाएगा।