{"vars":{"id": "141324:5161"}}

मिठाई ताजा है या खराब, अब पैकेट पर लगा सेंसर खोलेगा राज; NDRI ने बनाई नई तकनीक

 

NDRI new Technic : बाजार से मिठाई खरीदते समय अब उसकी ताजगी और गुणवत्ता का अंदाजा लगाने के लिए केवल पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मिठाई के पैकेट पर लगा एक विशेष स्मार्ट सेंसर खुद बताएगा कि अंदर रखी मिठाई कितनी ताजा है और उसकी गुणवत्ता में गिरावट आ रही है या नहीं।

राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI), करनाल के वैज्ञानिकों ने करीब सात साल के शोध के बाद स्मार्ट पैकेजिंग की यह तकनीक विकसित की है। इस तकनीक की खासियत यह है कि पैकेट पर लगाया गया स्मार्ट फ्रेशनेस इंडिकेटर टैग उत्पाद की वास्तविक स्थिति के अनुसार अपना रंग बदलता रहेगा।

इससे उपभोक्ता पैकेट खोले बिना ही मिठाई की ताजगी का अंदाजा लगा सकेंगे। यह तकनीक खासतौर पर उन खाद्य उत्पादों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जिनकी गुणवत्ता भंडारण और परिवहन के दौरान प्रभावित होती है।

मिठाई खराब होने के साथ बदलता जाएगा सेंसर का रंग
NDRI के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी. नरेंद्र राजू ने बताया कि इस तकनीक में स्मार्ट टैग का रंग उत्पाद की गुणवत्ता के अनुसार बदलता है। शुरुआत में टैग पीले रंग का दिखाई देगा। जैसे-जैसे उत्पाद में बैक्टीरिया की गतिविधि बढ़ेगी, उसकी सुगंध और रासायनिक संरचना में बदलाव आएगा। उसी के अनुरूप सेंसर का रंग भी बदलकर गहरा होने लगेगा।

सेंसर के रंग में आने वाला यह बदलाव संकेत देगा कि उत्पाद की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इससे उपभोक्ता को यह समझने में मदद मिलेगी कि मिठाई ताजा है या उसकी गुणवत्ता खराब होने लगी है। खास बात यह है कि इसके लिए पैकेट खोलने की जरूरत नहीं होगी।

सात साल के शोध के बाद पांच उत्पादों के लिए तैयार टैग
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह के अनुसार, वैज्ञानिकों ने करीब सात साल के शोध के बाद यह स्मार्ट पैकेजिंग तकनीक विकसित की है। फिलहाल बर्फी, बंगाली मिठाई संदेश, मिस्टी दोई, मावा और दही के लिए पांच तरह के सेंसर टैग तैयार किए गए हैं।

इन उत्पादों के पैकेट पर विशेष सेंसर लगाया जा सकता है, जो अंदर रखे खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में होने वाले बदलाव का संकेत देगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और उनकी गुणवत्ता की निगरानी करने का तरीका अधिक प्रभावी हो सकेगा।

एक्सपायरी डेट पर निर्भरता होगी कम
खाद्य पदार्थ खरीदते समय उपभोक्ता आमतौर पर पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट को देखकर उसकी उपयोगिता का अनुमान लगाते हैं। लेकिन कई बार उत्पाद को किस तापमान पर रखा गया, उसकी सप्लाई चेन कैसी रही और रिटेलर तक पहुंचने के दौरान उसका रखरखाव कैसे हुआ, इसकी जानकारी उपभोक्ता को नहीं मिल पाती।

ऐसी स्थिति में एक्सपायरी डेट बाकी होने के बावजूद उत्पाद की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। स्मार्ट सेंसर इस कमी को दूर करने में मदद करेगा। यह उत्पाद की वास्तविक स्थिति के आधार पर रंग बदलकर उपभोक्ता को उसकी गुणवत्ता का संकेत देगा।

विदेशों में भारतीय मिठाइयों के निर्यात को भी मिलेगा फायदा
NDRI के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि इस तकनीक का लाभ केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहेगा। विदेशों में भारतीय डेयरी उत्पादों और पारंपरिक मिठाइयों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक पैकेजिंग के जरिए उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना और उनकी निगरानी करना जरूरी हो गया है।

वैज्ञानिकों की टीम ने मिलकर विकसित की तकनीक
इस शोध में डेयरी प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी. नरेंद्र राजू, संयुक्त निदेशक डॉ. आशीष कुमार सिंह, डॉ. संगीता गांगुली और पीएचडी स्कॉलर्स सहित शोध टीम के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया है। संस्थान के वैज्ञानिकों के अनुसार, यह तकनीक मिठाई और डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के लिए गुणवत्ता की निगरानी करने तथा उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है।