{"vars":{"id": "141324:5161"}}

अब मां से दूर नहीं रहेंगे बीमार नवजात, जींद अस्पताल में शुरू हुई MNCU, 10 बेड की सुविधा

 

MNCU Jind Hospital : जींद नागरिक अस्पताल में नवजात शिशुओं के उपचार की व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) शुरू कर दी गई है। अब बीमार नवजात शिशुओं को इलाज के दौरान मां से अलग नहीं रहना पड़ेगा। पहले अस्पताल में बच्चों का उपचार स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में होता था, जहां मां को बच्चे के पास जाने के लिए सीमित समय ही मिल पाता था।

नई व्यवस्था में बच्चे का उपचार पूरा होने तक मां उसके साथ रह सकेगी। इससे नवजात को मां का साथ और स्तनपान जैसी जरूरी सुविधाएं भी मिल सकेंगी। एमएनसीयू में मां और बच्चे के उपचार की व्यवस्था एक ही स्थान पर की गई है। पहले नवजात शिशु का इलाज अलग भवन में होता था, जबकि मां के लिए अलग व्यवस्था थी।

इस कारण बच्चे के पास रहने और उसकी देखभाल करने में माताओं को परेशानी होती थी। अब यूनिट में माताओं के लिए अलग से 10 बेड की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके साथ ही उनके ठहरने और भोजन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अंदर ही रसोई और बर्तनों की व्यवस्था भी की गई है।

नई यूनिट में माताओं की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है। इससे दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को बच्चे के उपचार के दौरान बार-बार आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही मां के पास रहने से नवजात की देखभाल और स्तनपान को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

एमएनसीयू में 10 बेड की व्यवस्था
नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया ने बताया कि नागरिक अस्पताल में एमएनसीयू शुरू होने से मां और नवजात को एक ही स्थान पर उपचार और देखभाल की सुविधा मिल रही है। पहले एसएनसीयू में मां को बच्चे के पास कुछ समय के लिए ही जाने की अनुमति होती थी। अब इलाज पूरा होने तक मां बच्चे के साथ रह सकेगी। माताओं के लिए 10 बेड, रसोई और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। इसका उद्देश्य नवजात के इलाज के साथ मां की जरूरतों का भी ध्यान रखना है।