{"vars":{"id": "141324:5161"}}

धुएं व धूल के गुब्बार में फंसा शहर, दम घोटू प्रदूषण, 15 किसानों पर FIR

 

AQI  Air pollution : हरियाणा के जींद जिले में प्रदूषण का स्तर नहीं घट रहा एक्यूआइ का स्तर लगातार 200 के ऊपर ही चल रहा है। सुबह व शाम को वायु प्रदूषण सबसे अधिक रह रहा है। जो आमजन के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

जिले का औसतन एक्यूआइ वीरवार को 249 रहा। दिनभर स्माग छाया रहा, जिससे धूप भी कम ही निकली। प्रदूषण बढ़ने का कारण हवा की गति धीमी होना है। धूल व धुएं के कण वायुमंडल में जमा हो रहे हैं। जिले में पिछले कुछ दिनों से पराली जलाने के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है।

अब तक जिले में करीब 30 एकड़ में पराली जलने पर 15 किसानों के खिलाफ एफआइआर दर्ज हो चुकी है और 80 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए जहां पराली जल रही है, वहां ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को भी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। तीन कर्मचारियों को नोटिस भेजे जा चुके हैं।

बुधवार को डिंडोली गांव की फायर लोकेशन आई थी। कृषि विभाग की जांच में पाया गया कि ये पंजाब सीमा के अंदर की लोकेशन थी। इसलिए जिला कृषि विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं वीरवार को भी एक ही गांव की दो फायर लोकेशन प्राप्त हुई हैं।

जिनकी शुक्रवार को टीम जांच करेगी। खेतों में जल रही पराली पर तो प्रशासन की नजर है। लेकिन शहर के अंदर जगह- जगह जल रहे कूड़े की तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहे। लोग शहर में कूड़े में आग जला रहे हैं। जिससे जहरीला धुआं निकल रहा है।

लगातार स्माग से स्वास्थ्य को नुकसान
चिकित्सकों के अनुसार लगातार स्माग भरा मौसम अस्थमा, एलर्जी और दिल के मरीजों के लिए खतरनाक है। इसलिए चिकित्सक भी घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। वहीं बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करना भी बेहद जरूरी है। बाहर खुले में सांस के माध्यम से धूल और धुएं के कण अंदर जा रहे हैं। जिससे सांस और दिल के मरीजों के लिए नुकसानदेह है।

नागरिक अस्पताल में भी अस्थमा, एलर्जी और चर्म रोग से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रतिदिन आने वाले हर 100 मरीजों में से कम से कम 30 मरीज अस्थमा, एलर्जी और चर्म रोग से संबंधित होते हैं।

एक्यूआइ की श्रेणी और उसका प्रभाव

  • 0-50 कोई नुकसान नहीं।
  • 51-100 सामान्य बीमार लोगों के लिए थोड़ा नुकसानदायक।
  • 101-200 सांस के रोगियों के लिए नुकसानदायक।
  • 201-300 लोगों को सांस लेने में परेशानी।
  • 301-400 आंखों में जलन व सांस लेने की परेशानी

सीएक्यूएम के तकनीकी सलाहकार पहुंचे जींद, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के तकनीकी सलाहकार डा. एसडी अत्री ने वीरवार को जिले का दौरा कर फसल अवशेष प्रबंधन गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान एसपी उपासना सहित कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने बताया कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी व रोकथाम के लिए 305 गांव स्तरीय पराली सुरक्षा दल, सात ब्लाक स्तरीय टीमें, तीन उपमंडल स्तरीय टीमें और एक जिला स्तरीय टीम तैनात की गई हैं। जिले के 616 अधिकारियों व कर्मचारियों को सौ-सौ किसानों से संपर्क कर उन्हें पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।