{"vars":{"id": "141324:5161"}}

दूध-दही की असली-नकली की पहचान होगी आसान, FSSAI कर रही नया नियम लागू 

 

FSSAI New rule : दूध, दही, पनीर और घी खरीदने वाले ग्राहकों के लिए आने वाले समय में असली डेयरी उत्पादों की पहचान करना आसान हो जाएगा। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग को लेकर नया नियम लागू किया है।

इसके तहत दूध और उससे तैयार होने वाले उत्पादों के पैकेट पर एक विशेष लोगो लगाना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्राहकों को असली डेयरी उत्पादों और उनसे मिलते-जुलते दूसरे उत्पादों के बीच अंतर समझने में मदद करना है।

नए नियम के अनुसार डेयरी कंपनियों को अपने उत्पादों के पैकेट पर नीले रंग के चौकोर बॉक्स में सफेद रंग की बूंद वाला निशान छापना होगा। इससे ग्राहक दुकान या बाजार में सामान खरीदते समय पैकेट पर बने इस निशान को देखकर पहचान सकेंगे कि संबंधित उत्पाद डेयरी श्रेणी का है। कंपनियों को नए लोगो को पैकेट के सामने वाले हिस्से पर निर्धारित आकार में लगाना होगा, ताकि यह आसानी से दिखाई दे।

इन उत्पादों के पैकेट पर लगेगा लोगो
नई व्यवस्था के दायरे में दूध, दही, पनीर, घी, मक्खन और दूध से बनने वाले अन्य उत्पाद शामिल होंगे। इसके अलावा फ्लेवर्ड मिल्क और आइसक्रीम जैसे उत्पादों की पैकेजिंग पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार लोगो लगाना होगा। पैकेट के आकार के हिसाब से लोगो का न्यूनतम आकार भी तय किया गया है, ताकि छोटे और बड़े सभी पैकेट पर इसकी पहचान स्पष्ट रहे।

1 जुलाई 2028 से अनिवार्य होगी व्यवस्था
FSSAI ने पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े पुराने नियमों में संशोधन करते हुए यह बदलाव किया है। हालांकि कंपनियों को नई व्यवस्था अपनाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। 1 जुलाई 2028 से डेयरी उत्पाद बनाने और बेचने वाली कंपनियों के लिए पैकेट पर नया लोगो लगाना अनिवार्य हो जाएगा। इसके बाद निर्धारित मानकों के अनुसार पैकेजिंग करनी होगी।

असली और मिलते-जुलते उत्पादों में नहीं होगा भ्रम
अभी बाजार में दूध और उससे मिलते-जुलते कई उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें सोया मिल्क और वनस्पति सामग्री से तैयार किए जाने वाले पनीर जैसे उत्पाद भी शामिल हैं। कई बार पैकेट देखकर ग्राहकों के लिए इनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। नए लोगो से असली डेयरी उत्पादों की अलग पहचान बनेगी और खरीदारी के समय ग्राहकों को सही उत्पाद चुनने में मदद मिलेगी।

इस नियम की शुरुआत फरवरी 2025 में जारी किए गए मसौदे से हुई थी। उस समय FSSAI ने डेयरी कंपनियों, कारोबारियों और आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी थीं। प्राप्त सुझावों पर विचार करने के बाद अब इस व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। नए नियम से डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग में एकरूपता आने के साथ ग्राहकों को भी खरीदारी में सुविधा मिलने की उम्मीद है।