{"vars":{"id": "141324:5161"}}

जींद मेडिकल कॉलेज में किस माह शुरू हो जाएंगी सभी प्रकार की OPD, 2 और डॉक्टर नियुक्त

 

Jind Medical College news : हरियाणा के जींद में बने मेडिकल कॉलेज में यूं तो पिछले साल सितंबर महीने में ही ओपीडी शुरू हो गई थी लेकिन अब तक सभी विभागों की ओपीडी नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि अप्रैल-मई माह तक सभी तरह की ओपीडी यहां शुरू हो जाएंगी। 

हैबतपुर गांव में बने संत शिरोमणि धन्ना भगत राजकीय मेडिकल कालेज में ओपीडी की संख्या बढ़ रही है। यहां पर अब छह विभागों में ओपीडी शुरू हो गई हैं। अगले साल अप्रैल-मई तक सभी प्रकार की ओपीडी शुरू हो जाएंगे और मरीजों को इसका लाभ मिलने लगेगा। अप्रैल से पहले मेडिकल कालेज का ओपीडी ब्लाक भी मेडिकल कालेज को हैंडओवर हो जाएगा। इससे स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से चलेंगे।

फिलहाल मेडिकल कालेज में ओपीडी तो शुरू हो गई, लेकिन साथ-साथ अन्य भवनों का निर्माण कार्य भी चल रहा है। ऐसे में यदि यहां पर मरीजों की भीड़ बढ़ गई तो निर्माण कार्य के कारण कोई हादसा हो सकता है। इसलिए मेडिकल कालेज प्रशासन धीरे-धीरे सुविधाएं बढ़ा रहा है।

ओपीडी ब्लाक को अप्रैल तक हैंडओवर ले लिया जाएगा, उसके बाद यहां सभी प्रकार की ओपीडी सुविधाएं शुरू हो जाएंगे। प्रदेश में मेडिकल कालेजों के लिए अगले साल की प्रथम तिमाही में 1100 चिकित्सकों की भर्ती होनी है। इसमें सभी प्रकार के चिकित्सक मेडिकल कालेजों में उपलब्ध हो जाएंगे।

पांच से 200 तक पहुंच गई ओपीडी
शुरुआत में मेडिकल कालेज में चार-पांच मरीज ही उपचार के लिए आते थे। वह भी केवल हैबतपुर गांव के लोग ही होते थे। अब धीरे-धीरे यहां पर छह विभागों के चिकित्सक उपलब्ध होने से ओपीडी बढ़ गई है। अब औसतन 200 के आसपास ओपीडी हो रही है।

अब मेडिकल कालेज के अपने ही चिकित्सक मौजूद
पिछले साल मेडिकल कालेज में जो ओपीडी शुरू की गई थी, वह नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों के भरोसे की गई थी। नागरिक अस्पताल से चिकित्सकों के मेडिकल कालेज के लिए दिन निर्धारित किए जाते थे। यहां से मेडिकल कालेज में चिकित्सक जाकर ओपीडी करते थे। अब खुद मेडिकल कालेज के ही चिकित्सक उपलब्ध हो गए हैं। इसलिए अब नागरिक अस्पताल से चिकित्सक बुलाने की जरूरत नहीं है।

इन विभागों में अब चिकित्सक मौजूद
मेडिकल कालेज में इस समय ईएनटी यानी नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ मौजूद हैं। इसके अलावा लैब के लिए पैथोलाजिस्ट व माइक्रोबायोजिस्ट भी उपलब्ध हैं। धीरे-धीरे अब लैब का सामान भी आना शुरू हो गया है। जल्द ही यहां पर लैब की सुविधा भी मरीजों को मिलनी शुरू हो जाएगा।

आपरेशन थिएटर नागरिक अस्पताल का किया जा रहा प्रयोग
मेडिकल कालेज में फिलहाल आपरेशन थिएटर की सुविधा नहीं है। मेडिकल कालेज में सर्जन डा. कर्मवीर ओपीडी तो मेडिकल कालेज में करते हैं। यदि उनको मरीज दाखिल करने या आपरेशन करने की जरूरत होती है तो वह नागरिक अस्पताल में मरीज को दाखिल करते हैं।

मरीज का आपरेशन भी यहां नागरिक अस्पताल में ही आकर किया जाता है। इसके लिए सप्ताह में दो दिन निर्धारित किए गए हैं। अन्य चिकित्सक भी अब मरीजों को नागरिक अस्पताल में ही दाखिल करेंगे। अप्रैल के बाद यह सुविधा मेडिकल कालेज में ही उपलब्ध हो जाएगी।

ट्रामा सेंटर भी अस्पताल की बजाय मेडिकल कालेज में बनेगा

जिले में गंभीर मरीजों के इलाज को कोई सुविधा नहीं है। इसके लिए ट्रामा सेंटर की जरूरत पड़ती है। पिछले दिनों नागरिक अस्पताल में ही ट्रामा सेंटर बनाए जाने की बात हुई थी, लेकिन अब यह भी मेडिकल कालेज में ही बनाया जाएगा। मेडिकल कालेज बिल्कुल हाइवे के पास है। यहां पर अब ट्रामा सेंटर भी बनाया जाएगा। ऐसे में किसी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज भी ट्रामा सेंटर में हो सकेगा। 

जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना मुख्य उद्देश्य है। मेडिकल कालेज में धीरे-धीरे विशेषज्ञ डाक्टरों की संख्या बढ़ रही है। अगले साल तक एमबीबीएस के लिए दाखिले करवाने का लक्ष्य है। अप्रैल-मई तक सभी प्रकार की ओपीडी मेडिकल कालेज में शुरू हो जाएंगी।
--डा. कृष्ण मिढ़ा, डिप्टी स्पीकर, विधानसभा