{"vars":{"id": "141324:5161"}}

GRAP-3 लागू, देश के प्रदूषित शहरों में 10 हरियाणा के, हाइब्रिड मोड में चलेंगी कक्षाएं 

 

NCR GRAP-3: दिल्ली एनसीआर व हरियाणा में सांसों पर संकट आ गया है। हवा में प्रदूषण का स्तर (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच चुका है। देश के सबसे प्रदूषित शहरों की बात की जाए तो इनमें हरियाणा के 10 शहर शामिल हैं। 

देश के 2 शहरों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से ऊपर रहा। यह गुरुग्राम के पंचगांव में 407 से बढ़कर 426 और यूपी के गजरौला में 407 पर स्थिर रहा। 301 से 400 के बीच एक्यूआई वाले शहरों की संख्या 12 से बढ़कर 18 रही। इनमें 9 हरियाणा के हैं। 

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू की हैं। इसके तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतम बुध नगर में 5वीं तक की कक्षाएं हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन भी) में लगेंगी। दिल्ली-एनसीआर में सरकारी-निजी ऑफिसों में 50% स्टाफ वर्क फ्रॉम होम किया जा सकता है।

हाइब्रिड मोड में लगेंगी कक्षाएं, छात्र विकल्प चुनेंगे

स्कूलः दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर में 5वीं तक की कक्षाएं 'हाइब्रिड' मोड (फिजिकली व ऑनलाइन) में चलाई जाएंगी। ऑनलाइन क्लास का विकल्प चुनना छात्रों-अभिभावकों की इच्छा पर निर्भर करेगा।

वाहनः दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर में वीएस-3 पेट्रोल, बीएस-4 डीजल वाले हल्के चार पहिया वाहन नहीं चला सकेंगे। दिव्यांगों के विशेष वाहनों को छूट है। दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-6 से नीचे मानक वाले डीजल के मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी। 

वर्क फ्रॉम होमः पूरे एनसीआर में केंद्र व राज्य सरकार के सरकारी, नगर निगम, निजी कार्यालयों में 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने का निर्णय लिया जा सकता है। 
निर्माण : तोड़फोड़ एनसीआर में खुदाई, बोरिंग, ड्रिलिंग, पाइलिंग, तोड़फोड़, सीवर ड्रेनेज पानी-बिजली लाइन, ईंट की चिनाई, आरएमसी बैचिंग प्लांट, पेंटिंग-पॉलिशिंग, टाइल्स काटने जैसे धूल वाले कार्यों पर रोक है। रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अस्पताल, राष्ट्रीय सुरक्षा, हाईवे जैसे जरूरी प्रोजेक्ट्स व घरेलू मरम्मत कार्यों की छूट है। 
क्रशर खननः एनसीआर में स्टोन क्रशर व खनन गतिविधियों पर रोक। 
हरियाणा के 14 जिले एनसीआर में हैं। इन पर नियमों का असर पड़ेगा।
आगे क्या अभी राहत के आसार नहींः अगले 15 दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदूषण और बढ़ सकता है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में रात का पारा 10-12 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है।