{"vars":{"id": "141324:5161"}}

रातभर पटाखे, सुबह जहरीली हवा!, गैस चैंबर बना हरियाणा, 15 शहरों में 500 AQI

 

Haryana Air pollution : दिवाली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर हरियाणा की आबोहवा पर बेहद खतरनाक तरीके से दिखाई दिया। त्योहार की रात प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया। रात 12 बजे से सुबह 2 बजे के बीच प्रदेश के 15 शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 तक पहुंच गया। यह प्रदूषण का गंभीर स्तर है और इस लेवल पर बुजुर्गों, बच्चों, श्वास के रोगियों को सांस लेने में परेशानी होती है। 

गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, बहादुरगढ़, बल्लभगढ़, रोहतक, सोनीपत, जींद, कैथल, करनाल और पानीपत सहित कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। पटाखों पर प्रतिबंध के बावजूद देर रात तक आतिशबाजी जारी रही। इसके चलते वातावरण में धुआं और प्रदूषण फैल गया। कई जगह लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कुछ ही घंटों में 300 से ज्यादा अंक बढ़ा AQI

दिवाली से पहले और त्योहार की रात के प्रदूषण आंकड़ों की तुलना करें तो कई शहरों में भारी अंतर सामने आया है। कुरुक्षेत्र में AQI 179 से बढ़कर 500 पर पहुंच गया। यहां 321 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी तरह करनाल में 200 से बढ़कर 500, अंबाला में 226 से 500 और पानीपत में 228 से बढ़कर 500 तक पहुंच गया।

सोनीपत में प्रदूषण सूचकांक 244 से बढ़कर 500 हो गया, जबकि धारूहेड़ा में 266 और गुरुग्राम में 288 से बढ़कर 500 तक पहुंच गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आतिशबाजी का असर केवल दिल्ली से लगते इलाकों में ही नहीं, बल्कि हरियाणा के दूसरे शहरों में भी देखने को मिला।

AQI 500 का मतलब हवा सांस लेने लायक नहीं

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI का 401 से 500 के बीच होना गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्तर का प्रदूषण स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकता है। सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए खतरा और अधिक बढ़ जाता है।

AQI 500 वायु गुणवत्ता सूचकांक की अधिकतम निर्धारित सीमा है। इसका मतलब यह नहीं कि प्रदूषण यहीं रुक गया, बल्कि इस स्तर पर पहुंचने के बाद सूचकांक वास्तविक प्रदूषण में आगे की बढ़ोतरी को सामान्य तरीके से नहीं दिखा पाता।