हरियाणा में डॉक्टरों ने दी OPD बंद करने की चेतावनी, डीसी, एसपी से मिले, क्या है पूरा मामला
Haryana news : हरियाणा के जींद सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर मरीज और उसकी पत्नी के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार के मामले में निष्पक्ष जांच को लेकर मंगलवार को हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल डीसी और एएसपी अमित भाटिया से मिला। एसोसिएशन सदस्यों ने पूरे मामले में अपना पक्ष रखा।
एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा कि वो भी इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई चाहते हैं। स्टेट कार्यकारिणी से बैठक कर निर्णय लिया गया है कि अगर 11 नवंबर चार बजे तक चिकित्सकों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर वापस नही ली जाती तो पुलिस और प्रशासन से संबंधित कार्य चार बजे के बाद बंद कर दिए जाएंगे।
वीरवार को भी इस पर एक्शन नही लिया जाता है तो चिकित्सक ओपीडी का बहिष्कार कर देंगे। एसोसिएशन मांग करती है कि चिकित्सक द्वारा दी गई शिकायत पर भी मामला दर्ज किया जाए। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन ने डीसी डा. वैशाली शर्मा व एएसपी से मिलने से पहले बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन प्रधान डा. राजेश भोला, एसोसिएशन स्टेट जर्नल सेक्रेटरी डा. बिजेंद्र ढांडा, डा. रघुवीर पूनिया ने की। बैठक में जिन चिकित्सकों पर मामला दर्ज किया गया है, उन्होंने भी अपना पक्ष रखा। प्रधान डा. राजेश भोला ने कहा कि मरीज उनके पास पांच बजे आया था। सवा छह बजे एमएलआर हो गया था।
जिस समय मरीज आया उस समय सिंपल इंजरी थी। समय से उपचार दिया गया। मरीज ने जो चिकित्सक से उपचार के दौरान दुव्र्यवहार किया, उसे अस्पताल में लगे सीसी टीवी कैमरे से निकलवाई है। शाम को आठ से नौ बजे के पास डयूटी में बदलाव होने पर जब दूसरे चिकित्सक पहुंचे तो उसके साथ भी मरीज सम्मी ने दुव्र्यवहार किया।
इमरजेंसी से मरीज दो घंटे तक (वारदात के बाद) मिसिंग था। मरीज से जो मारपीट (कपिल ने की), उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अब चिकित्सकों के नाम एफआर्ईआर में घसीटा जाना गलत है। मरीज का व्यवहार उचित नही था। एसोसिएशन स्टेट जर्नल सेक्रेटरी डा. बिजेंद्र ढांडा ने कहा कि एसपी उपासना ने मामले की जांच एएसपी अमित भाटिया को सौंपी है।
जबकि प्रशासनिक स्तर पर नगराधीश मोनिका को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही अधिकारियों के समक्ष एसोसिएशन द्वारा अपना पक्ष रख दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सकों को बेवजह प्रताडि़त न किया जाए।
प्रधान डा. राजेश भोला व एसोसिएशन स्टेट जर्नल सेक्रेटरी डा. बिजेंद्र ढांडा, डा. रघुवीर पूनिया ने कहा कि मामले की निष्पक्षता से जांच करवाई जाए। उनके पास अस्पताल की सीसी टीवी फुटेज हैं, जिसे जांच अधिकारियों को उपलब्ध करवा दिया गया है। चिकित्सकों को इस मामले में बेवजह परेशान न किया जाए।