दूध, पनीर और मसालों की होगी ऑन-द-स्पॉट जांच, हरियाणा में उतरेंगी 28 मोबाइल वैन
Mobile Van Food Sample : दूध में मिलावट का शक है, पनीर की गुणवत्ता पर सवाल है या मसालों में गड़बड़ी की आशंका है, तो अब जांच की सुविधा बाजार और प्रतिष्ठानों तक पहुंचाने की तैयारी है। हरियाणा के एनसीआर जिलों में 28 मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन उतारी जाएंगी। इन वैन को फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स नाम दिया गया है।
इनका मकसद खाद्य पदार्थों की जांच को केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित रखने के बजाय मौके पर ही शुरुआती जांच की सुविधा बढ़ाना है। इसके लिए हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड 25.20 करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी में है।
अभी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभागीय स्तर पर सैंपल लेने और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। मोबाइल वैन आने से जांच की पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है। विभाग की टीमें निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच कर सकेंगी।
खासकर उन बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में निगरानी आसान हो सकती है, जहां नियमित जांच की जरूरत रहती है। इस व्यवस्था का फायदा खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी के साथ आम लोगों को भी मिल सकता है। बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की जा सकेगी।
इससे मिलावट की आशंका सामने आने पर विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए शुरुआती जानकारी मिलने में मदद मिलेगी। हालांकि मौके पर होने वाली जांच को हर स्थिति में अंतिम लैब रिपोर्ट या कानूनी प्रमाण नहीं माना जाएगा।
जरूरत के अनुसार नमूने की विस्तृत जांच प्रयोगशाला में कराई जा सकेगी। टेंडर में वैन की आपूर्ति के लिए 90 दिन की अवधि निर्धारित की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वैन की आपूर्ति और उनके संचालन की व्यवस्था तय होगी।