हरियाणा में बन रहे अंडरपास और आरयूबी के काम में तेजी, जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति
Haryana News: हरियाणा में रेलवे फाटकों पर होने वाली परेशानी अब नहीं होगी। क्योंकि प्रदेश में विभिन्न रेलवे फाटकों पर रेलवे अंडरपास और रेलवे ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। इसके निर्माण कार्य की समीक्षा के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस परियोजनाओं के पूरा होने पर लोगों को रेलवे फाटक बंद होने के कारण हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में चल रही परियोजनाओं में से कई तो 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी हैं। हालांकि कुछ जगहों पर इनका काम शुरू किया गया है।
बैठक के बाद इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट हरियाणा सरकार को भेजी गई है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि रोहतक के महम-बेरी रोड पर निर्माणाधीन आरयूबी का 80 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। 50.25 करोड़ रुपये की इस परियोजना से लोगों को जल्द ही बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भिवानी जिला के सिवानी में रेलवे ओवरब्रिज का कार्य भी करीब 85 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। यह परियोजना 44 करोड़ रुपये से पूरी हो रही है।
इसके अलावा भिवानी में दूसरी ओर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए रेलवे द्वारा 6.22 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। इसके बाद परियोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। वहीं भिवानी बाईपास पर अंडरपास के निर्माण का कार्य भी शुरू करवा दिया गया है। इस परियोजना पर 54.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसकी राशि रेलवे द्वारा जारी कर दी गई है।
पंचकूला में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य 78 प्रतिशत पूरा हो गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेलवे फाटक हटा दिए जाएंगे। रेलवे देश भर में फाटक मुक्त रेलवे लाइन का अभियान चला रहा है। ऐसे में यह अंडरपास और आरओबी इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं।