जींद में हुए महिलाओं के खेल मुकाबले, 400 मीटर दौड़ में ज्योति रही प्रथम
Haryana News-VOP : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शहरी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने भारी संख्या में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, उत्साह एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया।
इस आयोजन में 100 मीटर दौड़, 300 मीटर दौड़, साइकिल रेस, डिस्कस थ्रो एवं म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतिभागियों ने सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को 2100 रुपये, 1100 रुपये एवं 750 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीपीई जयभगवान (एस.डी.एस.एस. स्कूल, जींद) तथा पीटीआई वीरेंद्र (राजकीय उच्च विद्यालय, दिलुवाला) उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
सीडीपीओ सुमन ने बताया कि आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को आगे जिला स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलता है तथा जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाता है।
इस प्रकार महिलाओं को ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जाता है।
यह रहे परिणाम
सीडीपीओ सुमन ने बताया कि साइकिल रेस में ओमनगर निवासी चंदा रानी प्रथम, बुढ़ाबाबा बस्ती निवासी हेमलता द्वितीय और भटनागर कॉलोनी निवासी रीना तृतीय रहीं।
18 से 30 वर्ष वर्ग के 400 मीटर दौड़ मुकाबले में राजनगर की ज्योति प्रथम, भटनागर कॉलोनी की काजल द्वितीय और विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी ममता तृतीय स्थान पर रहीं। 300 मीटर दौड़ में विजयनगर की मुस्कान प्रथम, शिवपुरी कॉलोनी की मोकिना द्वितीय और बुढ़ाबाबा बस्ती की दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
100 मीटर दौड़ में बबीता प्रथम, माफी द्वितीय और सुनीता तृतीय रहीं। डिस्कस थ्रो में ओमपति प्रथम, राजबाला द्वितीय और सुनीता तृतीय रहीं। म्यूजिकल चेयर में अनीता ने प्रथम, सुदेश ने द्वितीय व राजरानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।