आटो, ई-रिक्शा चालकों के लिए वर्दी और नेम प्लेट अनिवार्य, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल
Auto riksha news : सर्दी का मौसम शुरू हो गया और शाम 6 से 7 बजे ही काफी अंधेरा और कोहरा हो जाता है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा पुलिस ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत सभी आटो चालकों, ई रिक्शा चालकों के लिए नेम प्लेट और वर्दी अनिवार्य कर दी है, ताकि उनकी पहचान हो सके।
रोहतक में आटो चालकों को निर्धारित वर्दी पहनकर ही वाहन चलाना होगा। इतना ही नहीं, वर्दी पर अपनी नेम प्लेट भी लगानी होगी ताकि यात्री और पुलिसकर्मी चालक की पहचान कर सकें। नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ऑटो में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है। दरअसल, सर्दियों के मौसम में रात के समय कोहरा और अंधेरा बढ़ने के साथ ही सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं।
खासकर रात के समय ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं और अन्य यात्रियों के सामने कई बार सुरक्षा संबंधी चिंताएं रहती हैं। ऐसी स्थिति में ऑटो चालक की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार किसी घटना के बाद वाहन के नंबर के आधार पर चालक तक पहुंचने में भी परेशानी आती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने चालकों को यूनिफॉर्म में रखने और वर्दी पर नेम प्लेट लगाने की व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाया है।
जिले में 4 हजार ऑटो और 2 हजार से अधिक ई-रिक्शा
जिला यातायात प्रभारी रामनिवास ने बताया कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब 4 हजार ऑटो और 2 हजार से अधिक ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है। जो ऑटो और ई-रिक्शा चालक ड्रेस नहीं पहनेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं अभी तक 170 ऑटो को सीज किए जा चुके हैं, जो 10 साल पुराने थे और सड़कों पर संचालित किए जा रहे थे।