हिसार में 60 साल बाद खुलेगा यह रास्ता, बाईपास से रेलवे स्टेशन की मिलेगी कनेक्टिविटी
सोचिए एक रास्ता है और हिसार जैसे शहर के रेलवे स्टेशन को बाईपास से जोड़ता है, लेकिन शहर के लोग इससे अंजान हों। कैसा लगेगा, लेकिन यह सच्चाई है। क्योंकि हिसार में ऐसे रास्ते की न सिर्फ खोज हुइ है, बल्कि इसको अब खोला भी जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है।
यह रास्ता समय के साथ गुम हो गया था। इसको फिर से नया जीवन मिलने जा रहा है। यह रास्ता साउथ बाईपास से भामाशाह नगर और ब्राह्म महाविद्यालय के पास से हिसार के रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। इसको लेकर सरकार की विशेष समिति द्वारा संकेत दिए गए हैं कि इस रास्ते को खोला जाएगा।
दरअसल इस महत्वपूर्ण रास्ते को लेकर हिसार में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की बैठक के दौरान इस रास्ते को लेकर व्यापक चर्चा हुई थी। इस बैठक के दौरान सदस्यों ने रास्ता खोलने के प्रस्ताव सहमति जताते हुए इसको खोलने की बात कही है।
इसके बाद अब तय हुआ है कि इस रास्ते को शुरू किया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। अब प्रशासनिक व स्तर पर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। क्योंकि यह रास्ता बनने से इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा। वाहन चालकों को नया और बेहतर रास्ता मिलने से अन्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा।
अतिक्रमण के चपेट में रास्ता
यह रास्ता हालांकि पुराने लोगों को तो याद है, लेकिन पिछले करीब 6 दशक से अतिक्रमण की चपेट में है। इसके कारण इस रास्ते की पहचान मिट गई थी। अब इस रास्ते को नई पहचान देने की तैयारी हो रही है। क्योंकि इससे यातायात की नई व्यवस्था बनेगी।