{"vars":{"id": "141324:5161"}}

18 से 22 फीट चौड़ी होगी हरियाणा की ये सड़क, 17 करोड़ रुपए होंगे खर्च

 

Haryan new road widening : हरियाणा में सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने से लेकर रिपेयरिंग और नई सड़कों के निर्माण को लेकर प्रदेश भर में कार्य चल रहे हैं। इसी कड़ी में 18 फीट चौड़ी सड़क को 22 फीट चौड़ी करने के लिए सरकार ने प्रशासनिक मंजूरी दी है।

हिसार जिले में रायपुर से खरड़ जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने इस रोड को चौड़ा करने का मास्टर प्लान तैयार करके मुख्यालय भेजा था। सरकार ने इस कार्य को करने के लिए 17 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। बीएंडआर अब इसकी डीएनआईटी तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।

जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करा दिया जाएगा। गांव रायपुर से खरड़ तक करीब 6 किलोमीटर लंबा रोड है। इस रोड की वर्तमान में चौड़ाई 5.50 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जाएगी। यानी वर्तमान में 18 फुट चौड़ा यह मार्ग प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलते ही 22 फुट चौड़ा नजर आएगा।

प्रक्रिया पूरी कर जल्द टेंडर होगा : एसई
वाहनों का दबाव बढ़ा तो रोड चौड़ा करने की जरूरत बीएंडआर के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में रायपुर - खरड़ मार्ग पर ट्रैफिक में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कम चौड़ाई और ज्यादा वाहनों की आवाजाही के कारण यहां दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

सड़क छोटी होने के चलते मोड़ पर आमने-सामने से भारी वाहनों के गुजरते समय दुर्घटना का अंदेशा भी लगातार बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों व वाहन चालकों की ओर से लंबे समय से इस मार्ग को चौड़ा करने की मांग की जा रही थी।

पेड़ हटेंगे और बिजली की लाइनें शिफ्ट होंगी बीएंडआर के अधिकारियों ने बताया कि अब डिटेल एस्टीमेट में यह तय हो जाएगा कि पेड़ों की कटाई, बिजली के पोल शिफ्टिंग सहित अन्य कार्य में कितना खर्च आएगा। क्योंकि सड़क के किनारे से गुजर रही बिजली की एचटी व एलटी लाइनों और खंभों को पीछे शिफ्ट किया जाना है।

इसके लिए बिजली निगम को अलग से बजट ट्रांसफर किया जाएगा। उन्हीं से इसको लेकर एस्टीमेट मांगा जाएगा। बीएंडआर एसई अजीत सिंह ने कहा कि रायपुर से खरड़ रोड पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पीडब्लूडी मंत्री रणबीर गंगवा के निर्देश पर 6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 18 फीट से बढ़ाकर 22 फीट चौड़ा करने के लिए 17 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी सरकार ने दे दी है। अब इसकी डीएनआईटी तैयार कर जल्द ही टेंडर लगाया जाएगा।