{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस रेलवे स्टेशन की 50 साल बाद ली सुध, 2.80 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

 

Railway news : रेल मंत्रालय द्वारा रेलवे जंक्शन व स्टेशनों के जीर्णोद्धार, नवनिर्माण को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इससे हरियाणा के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदलने लगी है। इसी कड़ी में कैथल के रेलवे स्टेशन पर 24 कोच वाली ट्रेनों के यात्रियों को अब प्लेटफॉर्म छोटा पड़ने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

करीब 50 साल बाद रेलवे ने प्लेटफॉर्म के विस्तार की योजना को मंजूरी देकर काम शुरू करवा दिया है। 2.80 करोड़ रुपए की लागत से प्लेटफॉर्म की लंबाई 300 से बढ़ाकर 550 मीटर की जाएगी। वहीं ऊंचाई भी एक फीट से बढ़ाकर ढाई फीट होगी। रेलवे के अनुसार, काम पूरा होने में ढाई से तीन साल लगेंगे।

अभी प्लेटफॉर्म छोटा होने के कारण लंबी ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफॉर्म पर नहीं आ पाते। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन से उतरने के लिए कई बार प्लेटफॉर्म से नीचे उतरना पड़ता है या कोच से दूर तक पैदल चलना पड़ता है। बुजुगों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

विस्तार के बाद लंबी ट्रेनों के सभी कोच प्लेटफॉर्म पर आ सकेंगे और यात्रियों को चढ़ने उतरने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी । रेल यात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि कैथल स्टेशन से 3 एक्सप्रेस सहित कुल 14 ट्रेनों का आवागमन होता है।

इनमें रोजाना चलने वाली दौलतपुर - साबरमती एक्सप्रेस और साप्ताहिक उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस जैसी 24 कोच वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।  प्लेटफॉर्म छोटा होने के कारण इन ट्रेनों के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। विस्तार के बाद यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सुविधा होगी।

स्टेशन से गुजरती हैं 14 ट्रेनें
कैथल रेलवे स्टेशन से तीन एक्सप्रेस सहित कुल 14 ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें दौलतपुर - साबरमती एक्सप्रेस, उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, दिल्ली-कुरुक्षेत्र डीएमयू, अंब अंदौरा - रायपुर हरियाणा जंक्शन ईएमयू, जींद- कुरुक्षेत्र व कुरुक्षेत्र- जींद पैसेंजर शामिल हैं।

स्टेशन पर मुख्य द्वार और पुल भी बनेगा
रेलवे प्लेटफॉर्म विस्तार के साथ रेलवे स्टेशन पर मुख्य द्वार और एक पुल के निर्माण की भी योजना है। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही और सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए रेलवे बोर्ड से 2.80 करोड़ रुपए मंजूर हुए थे। मई में इसका टेंडर लगाया गया था और अब काम शुरू कर दिया गया है।

काम शुरू, ढाई से तीन साल में होगा पूरा
कैथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने प्लेटफॉर्म की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाने के लिए 2.80 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी। मई में टेंडर लगाया गया था और अब निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसे अगले ढाई से तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है।