{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में बाढ़ के दौरान टूटी फोरलेन सड़क, अब 7.85 करोड़ से दोबारा बनेगी

 

New road : हरियाणा में कई हिसार, भिवानी समेत कई जिलों में पिछले साल बाढ़ जैसे हालातों के बीच फोरलेन सड़क को तोड़ दिया गया था, ताकि पानी को आगे क्रॉस करवाया जा सके। उसके बाद से ही खस्ता हालत में पड़ी फोरलेन सड़क का दोबारा से निर्माण होगा। इसे लेकर 7 करोड़ 85 लाख रुपए का टेंडर जारी किया गया है। 

बता दें कि पिछले साल बारिश का पानी भरने के बाद हिसार में आर्य नगर के पास बालसमंद रोड टूट गया है। एकाध जगह पर स्थानीय लोगों ने तोड़कर पानी का रास्ता बनाया था, ताकि पानी को आगे भेजा जा सके। उसके बाद से ही सड़क खस्ता हालत में थी। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। प्रतिदिन इस रोड से 40 हजार से ज्यादा वाहन चालक गुजरते हैं। बालसमंद रोड हिसार शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक माना जाता है।

9 गांवों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ 
यह सड़क केवल शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण आंचल की लाइफलाइन भी है। इस मार्ग से आठ से अधिक बड़े गांवों का सीधा संपर्क जुड़ा हुआ है। सड़क बनने से चंदन नगर, आर्य नगर, गोरछी, गावड़, सुंडावास, धीरणवास, रावलवास, सीसवाला और बालसमंद सहित आसपास के गांवों से रोजाना हिसार शहर में कामकाज, पढ़ाई व इलाज के लिए आने-जाने वाले हजारों लोगों का सफर सुगम हो जाएगा। चालकों को गड्डों से निजात मिल जाएगी।

टेंडर प्रक्रिया के बाद मुख्यालय जाएंगी फाइल
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राकेश कुमार का कहना है कि 18 नवंबर को टेंडर खुलने के बाद सबसे पहले एजेंसियों की टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड की जांच की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फाइल को अंतिम अप्रूवल के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलते ही सबसे कम दर वाली एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि इसी माह टेंडर की कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि दिसंबर में धरातल पर काम शुरू करने की तैयारी की जा सके। यदि उस समय मौसम और तापमान निर्माण कार्य के अनुकूल रहा, तो काम तुरंत शुरू करवा दिया जाएगा।