{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस जिले को मिली बड़ी सौगात, 20 स्वास्थ्य केंद्रों का होगा कायाकल्प

 

Health Plan : हरियाणा में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के जिले में दिखाई दे रहा है। रेवाड़ी जिले में गांव में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए जल्द ही 20 स्वास्थ्य संस्थानों को नए भवन मिलने वाला है। इनके भवन पर करीब 27 करोड़ 35 लाख की राशि से काम चल रहा है। इनमें जिला नागरिक अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरपुर में विशेष मरम्मत के कार्य पूरे हो चुके हैं। वहीं कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इनके नए भवन अगले डेढ़ साल में मिल जाएंगे।

सिविल में नई एक्सरे मशीन स्थापित

सिविल अस्पताल में जांच के दायरे को बढ़ाने के लिए नई एक्सरे मशीन भी मिली है। जिसे पुरानी बिल्डिंग में इंस्टॉल कर शुरू कर दिया गया है। इस समय पुरानी बिल्डिंग में रोज 100 से ज्यादा एक्सरे हो रहे हैं।

20 स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा निर्माण कार्य

आकेड़ा पीएचसी, मसनी पीएचसी, संगवाड़ी पीएचसी, बीकानेर एसएचसी, बूढ़पुर एसएचसी, चिल्हड़ एसएचसी, खड़गवास एसएचसी, खलीलपुर एसएचसी, खटावली एसएचसी, फिदेड़ी एसएचसी, अलावलपुर एसएचसी, गोकलगढ़ एसएचसी, जैतपुर एसएचसी, जाट सायरवास एसएचसी, शहबाजपुर खालसा एसएचसी, काकोडिया एसएचसी, कापड़ीवास एसएचसी और तुर्कियावास एसएचसी सहित अनेक स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में चल रही है। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कई संस्थानों में टेंडर, वर्क ऑर्डर अथवा पुराने भवनों को गिराने की प्रक्रिया चल रही है।

एसएनसीयू में नवजात के साथ माताएं भी ठहर सकेंगी

 नागरिक अस्पताल में अभी सिर्फ नवजात शिशु के लिए एसएनसीयू की सुविधा थी, लेकिन उनकी माताओं के ठहरने के लिए बेड नहीं थे। अब मदर केयर यूनिट की शुरुआत भी कर दी गई है। एसएनसीयू में 10 रेडिएंट वार्मर मशीनें हैं, जिनमें 4 के साथ माता के ठहरने के लिए भी बेड स्थापित किया गया है। यानी गंभीर नवजात शिशु के साथ उनकी माता भी केयर के लिए रुक सकेंगी। इससे पहले यह व्यवस्था न होने से नवजात की मां को इधर-उधर ही ठहरना पड़ता था।

रियायती दर पर मिलेंगी ब्रांडेड दवाइयां

नागरिक अस्पताल में मुख्य गेट के साथ लगते हुए होने की उम्मीद है। अमृत फार्मेसी स्टोर व वीटा दूध स्टोर तैयार किए जा रहे हैं। दोनों का काम तेजी से चल रहा है। इस स्टोर पर मरीजों को ब्रांडेड दवाइयों, कैंसर व हृदय रोग की दवाओं और मेडिकल इंप्लांट (जैसे स्टेंट और ऑर्थोपेडिक सामान) पर 40% से लेकर 90% तक की छूट मिलेगी। इससे मरीजों को काफी राहत मिल सकेगी। इतना ही नहीं मिल्क बूथ पार्लर भी खुलने जा रहा है। दोनों के 1 नवंबर से शुरू होंगे।

धारूहेड़ा पीएचसी को सीएचसी में किया जाएगा अपग्रेड 

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के बड़े कदमों में पीएचसी धारूहेड़ा को सीएचसी में अपग्रेड करना भी शामिल है। धारूहेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत को देखते हुए यह कदम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र के नजदीक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सीएचसी के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धारूहेड़ा शहर में कई जगह का निरीक्षण किया गया है, जिनकी रिपोर्ट बनाकर निदेशालय को भेजी जाएगी। वहां से ही एक जगह फाइनल होनी है।