हरियाणा के इस शहर को नए साल में मिलेगा भाखड़ा का नीला पानी, 350 करोड़ के प्रोजक्ट का 70 प्रतिशत काम पूरा
Canal base water project : हरियाणा के जींद शहर में नहरी पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गांव बडौदी में निर्माणाधीन जलघर प्रोजेक्ट का कार्य जोरों पर चला हुआ है। इसके चलते जींद शहरवासियों को वर्ष 2027 की शुरूआत में ही भाखडा नहर का नीला पानी मिलना शुरू हो जाएगा। लगभग 75 प्रतिशत तक कार्य पूरा हो चुका है। इसे लेकर डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा लगातार नजर रखे हुए हैं।
डिप्टी स्पीकर ने स्पष्ट किया कि इतने बड़े प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से करवाए जा रहे हैं। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि गांव बडौदी में लगभग 41 एकड़ भूमि पर जींद शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए जलघर का निर्माण किया जा रहा है।
लगभग 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले बडौदी जलघर प्रोजेक्ट में करीब 90 करोड़ रुपये जलघर के निर्माण पर तथा लगभग 80 करोड़ रुपये जींद शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन एवं 18 बूस्टरों के निर्माण पर खर्च किए जा रहे हें।
बडौदी जलघर में बनाए जाने वाले चार वाटर टैंकों में से तीन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। जलघर को नहरी पानी उपलब्ध करवाने के लिए नरवाना-भाखड़ा ब्रांच से लगभग 28 किलोमीटर लंबी 48 इंच व्यास की पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है।
निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि गांव बड़ौदी में प्रदेश के सबसे बड़े वाटर वक्र्स में शामिल इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है। वाटर वक्र्स के साथ-साथ आवश्यक पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने से जींद शहर को न केवल पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा बल्कि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत आधार मिलेगा।
सीएम घोषणाओं को भी समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जींद विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की घोषणाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। सीएम के नेतृत्व में जींद विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, खेल, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।
लगभग 50 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में परियोजना निभाएगी अहम भूमिका : डा. मिड्ढा
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जींद शहर की पेयजल व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने के लिए बड़ौदी में लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा वाटर वक्र्स एक ऐतिहासिक परियोजना है।
परियोजना के पूरा होने के बाद जींद शहरवासियों को भाखड़ा का स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण नीला पानी उपलब्ध होगा और आगामी लगभग 50 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जिस हिसाब से काम चल रहा है, उस से लगता है कि यह कार्य निर्धारित अवधि से भी पहले पूरा कर लिया जाएगा।