हरियाणा के इन किसानों की बल्ले-बल्ले, ट्रैक्टर पर मिलेगी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, 3 लाख की छूट
Haryana Tractor Subsidy : खेती-किसानी में आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के किसानों के लिए विशेष योजना शुरू की है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की एसबी-89 योजना के तहत पात्र किसानों को नया ट्रैक्टर खरीदने पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। इस योजना में अधिकतम 3 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है।
हालांकि योजना का लाभ 45 हॉर्स पावर (HP) या इससे अधिक क्षमता वाला ट्रैक्टर खरीदने पर मिलेगा। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होगी और किसान 15 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इच्छुक किसानों को कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriharyana.gov.in पर जाकर आवेदन करना होगा। विभाग ने इसके लिए पात्रता की शर्तें भी निर्धारित की हैं, जिन्हें पूरा करने वाले किसान ही अनुदान के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इन किसानों को मिलेगा सब्सिडी का लाभ
एसबी-89 योजना का लाभ केवल हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को दिया जाएगा। आवेदन करने वाले किसान का हरियाणा का निवासी होना और अनुसूचित जाति श्रेणी से संबंधित होना अनिवार्य है। इसके अलावा किसान का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए।
कृषि भूमि भी परिवार पहचान पत्र (PPP) के अंतर्गत परिवार के किसी सदस्य के नाम पर दर्ज होनी जरूरी है। यानी परिवार के किसी सदस्य के नाम जमीन होने की स्थिति में भी किसान पात्रता की शर्त पूरी कर सकता है। एक अन्य महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदक ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कृषि विभाग की किसी भी योजना के तहत ट्रैक्टर खरीदने पर सब्सिडी का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
आवेदन ज्यादा आए तो ड्रा से होगा चयन
योजना के तहत प्रत्येक जिले के लिए लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा के अनुसार, जिलावार लक्ष्य तय करने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के किसानों की संख्या को आधार बनाया जाएगा।
यदि किसी जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो सभी पात्र आवेदकों में से लाभार्थियों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया उपायुक्त की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कार्यकारी कमेटी की देखरेख में पूरी होगी।
चयन के बाद दस्तावेजों की जांच जरूरी
ड्रा में चयनित किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद संबंधित किसान को ऑनलाइन अनुदान पात्रता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इसके बाद किसान कृषि विभाग से अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माताओं में से अपनी पसंद के निर्माता से ट्रैक्टर खरीद सकेंगे।
ट्रैक्टर खरीदने के बाद बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज 15 दिनों के अंदर सहायक कृषि अभियंता रेवाड़ी अथवा उप कृषि निदेशक रेवाड़ी के कार्यालय में जमा करवाने होंगे। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया के अनुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण तारीखें
- - ऑनलाइन आवेदन शुरू: 15 नवंबर
- - आवेदन की अंतिम तारीख: 15 दिसंबर
- - अधिकतम अनुदान: 3 लाख रुपये
- - अनुदान की दर: 50 प्रतिशत तक
- - ट्रैक्टर की क्षमता: 45 HP या इससे अधिक
- -आवेदन पोर्टल: agriharyana.gov.in
- जिला प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि आवेदन करने से पहले योजना की पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।