{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा को रक्षा मंत्रालय की बड़ी सौगात, इस शहर में बनेगा नया ECHS अस्पताल

 

Haryana ECHS Hospital : केंद्रीय रक्षा मंत्रालय हरियाणा को नए अस्पताल की सौगात दी है। रक्षा मंत्रालय द्वारा यह अस्पताल झज्जर जिले में बनेगा। अस्पताल का भवन बनाने के लिए 1 करोड़ 38 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए हैं। हालांकि झज्जर में रक्षा मंत्रालय की तरफ से 22 साल से किराए के भवन में ईसीएचएस (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं ले रहे पूर्व सैनिकों को अब जल्द ही अपना अस्पताल मिलने की राह आसान हो गई है। रक्षा मंत्रालय ने झज्जर में ईसीएचएस की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए 1 करोड़ 38 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए हैं। यह भवन रक्षा मंत्रालय की अपनी जमीन पर बनाया जाएगा। इससे जिले के 28 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

झज्जर में वर्ष 2004 से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों को ईसीएचएस के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। अस्पताल के अपने भवन के निर्माण के लिए वर्ष 2009 में झज्जर शहर में महिला थाने के पास 1200 गज जमीन खरीदी गई थी। उस समय इस जमीन की कीमत 26 लाख 40 हजार रुपये थी। जमीन खरीदने के बाद भी भवन निर्माण का इंतजार लंबा खिंचता रहा। अब रक्षा मंत्रालय से बजट मंजूर होने के बाद अस्पताल की बिल्डिंग बनने का रास्ता साफ नजर आ रहा है।

टाइप ए श्रेणी में आएगा झज्जर

ईसीएचएस का अपना भवन बनने के बाद झज्जर केंद्र को टाइप-बी से टाइप-ए श्रेणी में लाने का रास्ता खुलेगा। इससे यहां स्टाफ की संख्या बढ़ेगी। दवाओं और अन्य जरूरी खचों के बजट में भी बढ़ोतरी हो सकेगी। इसका सीधा फायदा झज्जर जिले के 28 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मिलेगा। जल, थल और वायु सेना से सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए यह फैसला स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अस्पताल के ड्राइंग बनकर तैयार

रक्षा मंत्रालय की ओर से स्वीकृत राशि लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। विभाग ने ईसीएचएस भवन के निर्माण के लिए ड्राइंग भी तैयार कर ली है। हरियाणा में झज्जर पहला जिला होगा। यहां कैंट क्षेत्र से बाहर ईसीएचएस का अस्पताल रक्षा मंत्रालय की अपनी जमीन पर बनेगा। प्रदेश के अन्य जिलों में कैंट क्षेत्र से बाहर ईसीएचएस की डिस्पेंसरी और अस्पताल किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं।

नई बिल्डिंग में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

ईसीएचएस का अपना भवन बनने से पूर्व सैनिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। नई बिल्डिंग में मरीजों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। सुपर स्पेशलिटी ओपीडी शुरू करने की भी योजना है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ने से मरीजों को इलाज में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

झज्जर  ईसीएचएस मैनेजर लेफ्टिनेंट कर्नल सूबे सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 में जो जमीन खरीदी गई थी, वहां अब नए सिरे से बिल्डिंग तैयार होगी। इसके लिए कई सालों का इंतजार खत्म होगा। पूर्व सैनिकों को नई रोगी सुविधाएं अपनी नई बिल्डिंग में मिलेंगी।