{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस जिले में बनेगा पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो, 5 एकड़ जमीन पर तैयार होगा चार्जिंग स्टेशन

 

Electric Bus depot : हरियाणा रोडवेज के सिरसा डिपो को इलेक्ट्रिक बस डिपो के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए बस डिपो में करीब पांच एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। रोडवेज के महाप्रबंधक कार्यालय ने इस जमीन पर इलेक्ट्रिक बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव परिवहन सेवाएं के महानिदेशक को भेजा गया है।

इसके बाद आधारभूत ढांचा तैयार करने की प्रक्रिया स्वीकृति व निरीक्षण के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी शुरू होगी। यह योजना सिरे चढ़ती है तो सिरसा प्रदेश का पहला ऐसा डिपो बन सकता है। यहां इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए अलग से व्यवस्था विकसित की जाएगी। प्रस्ताव में बस अड्डे की पुरानी वर्कशॉप की खाली पड़ी जमीन को डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है।

इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार होने के बाद सिरसा से लंबी दूरी के रूटों पर भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। इसके लिए डिपो परिसर में बसों की जरूरत के अनुसार चार्जिंग पॉइंट बनाए जाएंगे। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में चार्जिंग व्यवस्था अहम होती है।

इसलिए प्रस्ताव बसों के ठहराव के साथ चार्जिंग सुविधा विकसित करने पर जोर दिया गया है। इससे भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

करीब पांच एकड़ जमीन चिह्नित की गई
डिपो निर्माण के लिए बस अड्डे की पुरानी वर्कशॉप की खाली पड़ी करीब पांच एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इससे उपलब्ध सरकारी जमीन का उपयोग हो सकेगा और नई जगह तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर इसी परिसर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पीडब्ल्यूडी की वर्कशॉप के साथ इलेक्ट्रिक बस अड्डे का गेट बनाया जाएगा।

करीब पांच एकड़ में बसों के ठहराव, रखरखाव और चार्जिंग की व्यवस्था
सिरसा डिपो महाप्रबंधक अजय दलाल ने बताया कि पुरानी वर्कशॉप की खाली जमीन पर डिपो बनाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है। यह प्रस्ताव इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और उनकी चार्जिंग की जरूरतों को पूरा करेगा। मुख्यालय की ओर से इलेक्ट्रिक डिपो तैयार करने के लिए तीन एकड़ जमीन की मांग की गई थी।

सिरसा डिपो के पास पांच एकड़ जमीन उपलब्ध है। मुख्यालय की स्वीकृति और निरीक्षण के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया के तहत मुख्यालय की टीम जमीन का निरीक्षण करने जल्द सिरसा पहुंच सकती है। टीम की रिपोर्ट और मुख्यालय की स्वीकृति के बाद ही निर्माण संबंधी काम आगे बढ़ेगा।