साध्वी कंचननाथ की माता महंत राजनाथ का निधन, गमगीन माहौल में दी समाधि
Kanchan Nath : हरियाणा के जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव भाणा ब्राह्माण में 108 शिवलिंग नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की 48 वर्षीय महंत राजनाथ का रविवार सुबह हृदयघात होने से निधन हो गया। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
साध्वी कंचन नाथ ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात को उसकी गुरु मां महंत राजनाथ आराम से सोई थी। रविवार अल सुबह चार बजे राजनाथ ने बाथरूम जाने की बात कही थी। बाथरूम जाने के बाद राजनाथ ने उसको कहा कि उसके छाती में दर्द है, जिसके बाद वह पसीना-पसीना हो गई।
राजनाथ की तबीयत बिगड़ने के बाद गांव में डाक्टरों से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि छाती में दर्द होने पर उनके पास कोई इंजेक्शन नहीं है। इसके बाद कंचन नाथ सेवादारों की मदद से टोहाना लेकर गई। जहां डाक्टरों ने कहा कि उनके बस की बात नहीं है। इसके बाद नरवाना नागरिक अस्पताल लेकर आए, तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महंत राजनाथ की मौत होने पर साधु-संत नागरिक अस्पताल पहुंचे और कंचन नाथ को दिलासा दिया। वहीं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के पीए जसबीर नैन व मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल ने भी अस्पताल में पहुंच कर जानकारी ली और उनको दुख की इस घड़ी में सांत्वना दी। दोपहर बाद गांव भाणा ब्राह्माण के डेरे में महंत राजनाथ को समाधि दे दी गई।
15 दिन पहले सेवादार ने महंत राजनाथ को मारी थी सिर में चोटें
महंत राजनाथ को करीब 15 दिन पहले डेरे में सेवादार मध्यप्रदेश निवासी राहुल ने सिर में चोटें मारी थी। इसके बाद वह लाखों रुपये की नकदी, कीमती आभूषण व कार सहित फरार हो गया। महंत राजनाथ का अग्रोहा मेडिकल में इलाज चला था, जिसके बाद वह स्वस्थ होकर डेरा पर लौट आई थी। महंत राजनाथ ने कंचन नाथ को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। राजनाथ की मौत होने पर महंत कंचन नाथ बार-बार बेहोश हो रही थी और उसका रो-रोकर बुरा हाल था। महंत राजनाथ की मौत होने पर अनुयायियों में शोक की लहर है।