{"vars":{"id": "141324:5161"}}

रोहतक PGI की बदलेगी तस्वीर, 155 करोड़ से बनेगा 599 बेड का नया हाईटेक वार्ड

 

Haryana news : हरियाणा के रोहतक PGIMS में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को आने वाले समय में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। संस्थान परिसर में करीब 155 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्राइवेट वार्ड कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। ग्राउंड प्लस छह मंजिला इस भवन में कुल 599 बेड की व्यवस्था होगी। इसे आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस परियोजना में सामान्य वार्डों के साथ प्राइवेट और वीवीआईपी वार्ड भी बनाए जाएंगे।

इस परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है। पहले चरण में भवन का सिविल निर्माण कार्य किया जाएगा, जिस पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से इसके लिए 92.70 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है, जिसे 25 नवंबर को खोला जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में बिजली, लिफ्ट और अन्य तकनीकी सुविधाओं से जुड़े कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए करीब 55 करोड़ रुपये का अलग टेंडर जारी किया जाएगा।

छह मंजिलों पर होगी 599 बेड की व्यवस्था
नए प्राइवेट वार्ड कॉम्प्लेक्स में मरीजों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग मंजिलों पर वार्ड बनाए जाएंगे। योजना के मुताबिक पहली मंजिल पर 168 बेड, दूसरी मंजिल पर 168 बेड और तीसरी मंजिल पर 138 बेड के जनरल वार्ड होंगे। वहीं, चौथी और पांचवीं मंजिल पर 49-49 बेड के प्राइवेट वार्ड बनाए जाएंगे। छठी मंजिल पर 27 बेड का वीवीआईपी वार्ड होगा। इसमें मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए विशेष सुइट भी बनाए जाएंगे। इस प्रकार पूरे भवन में कुल 599 बेड उपलब्ध होंगे। नए भवन को मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। 

सोलर पावर से लेकर 11 बेड लिफ्ट तक की सुविधा
इस कॉम्प्लेक्स को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए सोलर पावर प्लांट और सोलर वाटर हीटर लगाए जाएंगे। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सेंट्रलाइज्ड एसी की व्यवस्था होगी। भवन में 11 बेड लिफ्ट लगाई जाएंगी, ताकि मरीजों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक ले जाने में परेशानी न हो। 

60 साल पुरानी इमारत की जगह मिलेगी आधुनिक सुविधा
PGIMS के पुराने वार्ड भवन काफी समय से इस्तेमाल में हैं। इनकी उम्र 60 साल से अधिक हो चुकी है। पुरानी इमारतों की छत से मलबा गिरने जैसी घटनाओं के कारण वार्डों में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं सामने आती रही हैं। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन विजय दलाल के अनुसार, सिविल वर्क के लिए 92.70 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली है और 25 नवंबर को इसका टेंडर खोला जाएगा। वहीं, यूएचएसआर के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने 599 बेड के इस प्राइवेट वार्ड कॉम्प्लेक्स को मंजूरी दी है। करीब 155 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।