{"vars":{"id": "141324:5161"}}

रोडवेज हड़ताल का असर : हिसार-सिरसा से जींद-पानीपत की बस कनेक्टिविटी कटी, यात्री हल्कान

 

Haryana Roadways Strike : हरियाणा में 4 और 5 नवंबर की रोडवेज हड़ताल से पहले हिसार में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा 3 दिन से हड़ताल की जा रही है, जिसके चलते हिसार और सिरसा में बसों के पहिए थम गए हैं और जींद से हिसार व सिरसा की कनेक्टिविटी भी टूट सी गई है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

पहले दो दिन हिसार डिपो और अब सिरसा डिपो के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों व हिसार डिपो के कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल कर दी है। वहीं पांच व छह नवंबर को प्रदेश भर में रोडवेज कर्मचारी परिवहन मंत्री द्वारा मानी गई मांगों का परिपत्र जारी करने की मांग को लेकर दो दिन पूर्ण रूप से हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 

सिरसा से पानीपत के लिए बस रात साढ़े नौ और लगभग 11 बजे बस आती है। वहीं हिसार से जींद की ओर आने वाली 10 रोडवेज बसों का संचालन भी बाधित है। ऐसे में यात्रियों को अपने निर्धारित स्थान पर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

हिसार से जींद होकर पानीपत व हरिद्वार के लिए बस जाती है। हड़ताल के चलते हिसार से वाया जींद होकर आने वाली सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर पानीपत, नौ बजकर पांच मिनट पर पानीपत, नौ बजकर 50 मिनट पर पानीपत, 10 बजकर 40 मिनट पर हरिद्वार, 10 बजकर 55 मिनट पर पानीपत और 12 बजकर 55 मिनट पर पानीपत जाने वाली बस के साथ-साथ बरवाला से चलकर सुबह छह बजकर 16 मिनट, छह बजकर 32 मिनट और छह बजकर 48 मिनट पर जींद आने वाली बस का संचालन बाधित है।

ऐसे में यात्रियों को परेशानी होती है। वहीं पांच और छह नवंबर को मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। हालांकि तीन नवंबर को परिवहन विभाग की ओर से रोडवेज कर्मचारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि पहले रोडवेज कर्मचारियों के साथ मानी गई मांगों को परिपत्र जारी किया जाए। ऐसे में अगर रोडवेज कर्मचारियों की दो दिन की हड़ताल होती है तो यात्रियों को परेशानी अधिक बढ़ सकती है।

जींद डिपो में इस समय 160 से अधिक रोडवेज बस हैं। इसमें से अल सुबह चंडीगढ़, हरिद्वार, यमुनानगर, गुरुग्रामद, दिल्ली जैसे लंबे रूट पर बस चलती हैं, जबकि इसके बाद रोहतक, कैथल, भिवानी जैसे रूट पर बसों का संचालन शुरू हो जाता है। डिपो में नरवाना, पानीपत, हांसी, बरवाला, गोहाना असंध जैसे रूट पर 160 परिवहन समिति की बस चलती हैं। 

यात्रियों को नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी
हिसार व सिरसा में हड़ताल को देखते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह बस स्टैंड से बाहर से ही यात्रियों को उतारकर व चढ़ाकर लाएं। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाए। वहीं पांच व छह नवंबर को प्रस्तावित रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर वार्ता के लिए कर्मचारियों को परिवहन विभाग द्वारा बुलाया गया है। उम्मीद है कि वार्ता सिरे चढ़ जाएगी।
--राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो