{"vars":{"id": "141324:5161"}}

सीएम सिटी लाडवा से वाया कुरुक्षेत्र खाटूश्याम के लिए रोडवेज बस शुरू, देखें टाइमटेबल

 

Kurukshetra to Khatushyam bus service : खाटू श्याम जी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा रोडवेज के कुरुक्षेत्र डिपो की ओर से लाडवा बस स्टैंड से खाटू श्याम धाम के लिए नियमित सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह बस सेवा आज यानि 3 नवंबर 2026, मंगलवार से शुरू होगी। इससे लाडवा और कुरुक्षेत्र क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन के लिए सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी।

डीसी विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने यह निर्णय लिया है। बस लाडवा से चलकर कुरुक्षेत्र होते हुए खाटू श्याम जी पहुंचेगी। इससे यात्रियों को खाटू धाम जाने के लिए अलग-अलग बसों में सफर करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

लाडवा कुरुक्षेत्र खाटूश्याम बस टाइमटेबल 
लाडवा से खाटूश्याम के लिए रोडवेज बस प्रतिदिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर चलेगी, जो कुरुक्षेत्र नए बस स्टैंड पर 6 बजकर 40 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद खाटूश्याम के लिए रवाना होगी। वापसी में यही बस खाटू श्याम जी से अगले दिन सुबह 6:30 बजे लाडवा के लिए रवाना होगी। इस प्रकार श्रद्धालु खाटू धाम की यात्रा के लिए बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। कुरुक्षेत्र से राजस्थान के खाटू श्याम की दूसरी सड़क मार्ग से करीब 360 किलोमीटर है और यात्रा में 5 से 7 घंटे का समय लगता है।  

एक दिन पहले ही सीएम ने की थी घोषणा 
1 नवंबर की रात को कुरुक्षेत्र में जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था और इसमें मुख्यातिथि के रूप में सीएम नायब सिंह सैनी पहुंचे हुए थे। तभी भीड़ में से एक भक्त ने सीएम नायब सिंह सैनी को मांग पत्र दिया और खाटू श्याम के लिए बस चलाने की मांग की। उसी समय मंच से ही सीएम सैनी ने खाटू श्याम के लिए बस चलाने की घोषणा कर दी। इसके बाद प्रशासन ने भी इस पर तुरंत एक्शन लिया और आज 3 नवंबर से बस चलाने का शेड्यूल बना दिया। 

श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी यात्रा सुविधा
प्रशासन के अनुसार, इस बस सेवा के शुरू होने से लाडवा और कुरुक्षेत्र के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए यात्रा करना आसान होगा। डीसी ने उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर बस स्टैंड पहुंचें और इस सुविधा का लाभ उठाएं। बस के समय, टिकट और अन्य जानकारी के लिए यात्री लाडवा तथा कुरुक्षेत्र बस स्टैंड के पूछताछ केंद्र या बुकिंग काउंटर से संपर्क कर सकते हैं।