{"vars":{"id": "141324:5161"}}

यात्रीगण कृप्या ध्यान दें : दिवाली तक बसों का रूट बदला, शहर के अंदर से नहीं जाएंगी बसें

 

Jind buses news : दिवाली पर शहर में खरीददारी के लिए आने वाले ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। वहीं दुकानदारों द्वारा भी ग्राहकों को लुभाने के लिए अपनी दुकानों के बाहर सामान रखने शुरू कर दिए हैं, ऐसे में सड़क पर किसी तरह का हादसा नहीं हो, बसें और बड़े वाहनों का शहर के अंदर से संचालन बंद कर के बाईपास से शुरू किया गया है। 

जींद में रोडवेज और प्राइवेट बसें शहर के अंदर की बजाय बाहर बाईपास से ही होकर गुजरेंगी। इसके चलते गोहाना रोड पर लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, बतख चौक,  रुपया चौक व सब्जी मंडी मोड़ से बस पकडऩे वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों को अपने निर्धारित स्थान पर जाने के लिए बस स्टैंड पर जाना होगा। 

आमतौर पर हांसी, हिसार, बरवाला, असंध, करनाल,  कैथल लोकल, नरवाना रूट की बस बस स्टैंड से निकलकर गोहाना रोड से होते हुए लघु सचिवालय, नागरिक अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, रानी तालाब,  एसडी स्कूल, सफीदों गेट, रुपया चौकए सब्जी मंडी मोड़ से होते हुए पटियाला चौक पर बस जाती हैं। शहर में लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, रुपया चौक व पटियाला चौक से काफी संख्या में यात्री इन रूट पर जाने के लिए बस पकड़ते हैं। 

यहां से उन्हें बस पकडऩे के लिए बस स्टैंड जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस कारण यात्रियों का समय और आटो का किराया बचता है। डिपो में जिलेभर में अलग-अलग रूटों पर 162 प्राइवेट बसें दौड़ रही हैं। इनमें नरवाना रूट पर 31, असंध रूट पर 16, गोहाना और बरवाला रूट पर 19, हांसी रूट पर 26, पुंडरी रूट पर तीन, जींद से पानीपत रूट पर 26,  पिल्लूखेड़ा से रोहतक रूट पर पांच, नरवाना से हांसी रूट पर पांच, नरवाना से कैथल रूट पर 24 और नरवाना से हिसार रूट पर 20 निजी बसें शामिल हैं। 

शहर के अंदर से बसों का संचालन बंद होने पर यात्रियों को पांडू पिंडारा नए बस स्टैंड पर जाना होगा।  जींद बस अड्डा के डीआई सुनील पूनिया ने बताया कि एसडी स्कूल में 29 अक्टूबर तक स्वदेशी मेले लगेगा। इसके अलावा त्योहारी सीजन पर भी शहर में सफीदों व गोहाना रोड पर ज्यादा भीड़ रहती है। भीड़ में दुर्घटना होने का डर बना रहता है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीपावली तक शहर के अंदर से बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। जैसे ही स्थिति सामान्य होगी तो बसों का संचालन फिर से शहर के अंदर से कर दिया जाएगा।