{"vars":{"id": "141324:5161"}}

देवउठनी एकादशी पर खाटू श्याम भक्तों को रेलवे का तोहफा, 4 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, देखें रुट

 

Khatushyam special train : देवउठनी एकादशी के अवसर पर खाटू श्याम के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रींगस में लगने वाले मेले और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी के रास्ते रींगस तक चार विशेष रेल सेवाओं का संचालन करने का फैसला लिया है। ये ट्रेनें 18 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक अलग-अलग तिथियों में संचालित होंगी। खास बात यह है कि इन सभी ट्रेनों में एक तरफ का किराया महज 70 रुपये निर्धारित किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ ही एक मेमू ट्रेन का रींगस तक अस्थायी विस्तार किया है। इन ट्रेनों के चलने से दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, हिसार और आसपास के क्षेत्रों से खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।


यात्रियों की सुविधा के लिए रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 09637) 19 और 20 नवंबर को रेवाड़ी से सुबह 11 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस से दोपहर 2:55 बजे रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रास्ते में इस ट्रेन का कुंड, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव होगा।

हिसार से आने वाली ट्रेन दोपहर 1:05 बजे रेवाड़ी से होगी रवाना

हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 04747) 19 से 21 नवंबर तक संचालित होगी। यह हिसार से चलकर दोपहर 1 बजे रेवाड़ी जंक्शन पहुंचेगी और 1:05 बजे रींगस के लिए रवाना होगी। ट्रेन शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04748 रींगस से शाम 5:50 बजे चलकर रात 9:05 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी और 9:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव हांसी, भिवानी खेड़ा, भिवानी, चरखी दादरी, कोसली, जाडली, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर होगा।

दिल्ली से रात 10:10 बजे चलेगी ट्रेन

दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 04472) 18 से 21 नवंबर तक संचालित होगी। यह दिल्ली सराय रोहिल्ला से चलकर रात 10 बजे रेवाड़ी जंक्शन पहुंचेगी और 10:10 बजे रींगस के लिए रवाना होगी। ट्रेन रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04471 19 से 22 नवंबर तक रींगस से शाम 4:55 बजे रवाना होकर शाम 5:05 बजे रेवाड़ी से आगे के लिए चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना स्टेशनों पर होगा।

मेमू ट्रेन का भी रींगस तक अस्थायी विस्तार

रेलवे ने दिल्ली-रेवाड़ी मेमू ट्रेन का भी रींगस तक अस्थायी विस्तार किया है। गाड़ी संख्या 74001 को 19 और 20 नवंबर को रींगस तक चलाया जाएगा। यह रेवाड़ी से रात 10:50 बजे रवाना होकर मध्यरात्रि 1:45 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 74002 20 और 21 नवंबर को रींगस से सुबह 5:10 बजे चलकर 5:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर होगा।


देवउठनी एकादशी के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पहले से संचालित कुछ ट्रेनों में भी डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। रेवाड़ी होकर चलने वाली जयपुर-भिवानी और मदार-रोहतक स्पेशल ट्रेनों सहित अन्य रेल सेवाओं में 17 से 23 नवंबर के बीच अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे खाटू श्याम जाने और वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।