{"vars":{"id": "141324:5161"}}

अब जंक्शन पर 2 मिनट से ज्यादा देर रूकेंगी ट्रेनें, दिवाली पर यात्रियों की भीड़ के चलते रेलवे ने लिया फैसला 

 

Railway news : रोशनी के त्योहार दीपावली में मह कुछ दिन बाकी हैं और त्योहार मनाने के लिए दूसरे शहरों में नौकरी पेशा वाले लोग घरों की तरफ लौटने लगे हैं। इससे ट्रेनों में भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इसके चलते जंक्शन या स्टेशन पर ट्रेन 2 मिनट रूकती है तो यात्री चढ़ नहीं पाते और ट्रेन छूट जाती है। अब रेलवे ने फैसला लिया है कि दिवाली तक ट्रेनों का ठहराव 2 मिनट की बजाय 5 मिनट किया जाएगा, ताकि कोई भी यात्री से ट्रेन मिस नहीं हो। 

हरियाणा के रोहतक रेलवे जंक्शन पर जिन ट्रेनों का ठहराव दो मिनट का था, उसको 4 से 5 मिनट कर दिया है। यह व्यवस्था खासतौर पर हिसार, जींद और पंजाब की तरफ से आने वाली उन ट्रेनों के लिए की गई है, जो रोहतक से होकर दिल्ली, आगरा और रेवाड़ी की तरफ जाती हैं। इसके अलावा दिल्ली की तरफ जाने वाली एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन किया गया है।

यात्रियों को कोच की सही स्थिति का पता नहीं चल पाता था 
बता दें कि रोहतक जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते यहां कोच डिस्प्ले बंद पड़ा है। सामान्य दिनों में कोच डिस्प्ले के माध्यम से यात्रियों को पता चल जाता है कि ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच किस क्रम में और किस स्थान पर आएंगे। लेकिन डिस्प्ले बंद होने के कारण यात्रियों को ट्रेन आने तक कोच की सही स्थिति का पता नहीं चल पाता।

त्योहार के दिनों में जब परिवारों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होती है, तब यह स्थिति और परेशानी पैदा कर सकती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

प्लेटफार्म नंबर एक पर निर्माण कार्य चलने के कारण कोच डिस्प्ले बंद है। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए ट्रेनों के ठहराव समय में बदलाव किया गया है। जो ट्रेन पहले दो मिनट रुकती थी, अब उसका ठहराव चार से पांच मिनट कर दिया है। यह व्यवस्था दिल्ली की तरफ जाने वाली संबंधित ट्रेनों के लिए की गई है।
--बलराम मीणा, स्टेशन अधीक्षक, रोहतक