हरियाणा के इस शहर में बसेंगे नए सेक्टर, 200 फुट चौड़ी सिक्सलेन सड़कें बनेंगी, 3100 एकड़ जमीन
Haryana news : औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार ने मास्टर प्लान-2031 को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत करीब 3100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस जमीन पर मास्टर रोड, सर्विस रोड और सेक्टर रोड विकसित करने के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट भी बनाई जाएगी।
इसके लिए नगर योजनाकार विभाग संबंधित विभागों से बात कर रहा है। जमीन का अधिग्रहण फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण करेगा। इस योजना के लागू होने से ग्रेटर फरीदाबाद का दायरा मौजूदा सेक्टरों से आगे आसपास के गांवों तक पहुंच जाएगा। इससे शहर के विस्तार के लिए नए रास्ते खुलेंगे और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे का विकास किया जा सकेगा।
अभी तक फरीदाबाद का शहरी विस्तार मुख्य रूप से पुराने सेक्टरों और ग्रेटर फरीदाबाद तक सीमित रहा है। लेकिन बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों के चलते अब शहर के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान-2031 के तहत नए क्षेत्रों को नियोजित तरीके से विकसित करने की तैयारी है।
योजना के तहत अधिगृहीत की जाने वाली जमीन का बड़ा हिस्सा सड़क नेटवर्क विकसित करने में इस्तेमाल होगा। मास्टर रोड के निर्माण से नए विकसित होने वाले सेक्टरों को प्रमुख सड़कों से जोड़ा जाएगा। वहीं सर्विस रोड और सेक्टर रोड बनने से स्थानीय आवागमन सुगम होगा।
मास्टर प्लान 2031 के तहत 39.55 लाख की अनुमानित जनसंख्या के लिए 55 गांवों की लगभग 11,895 एकड़ जमीन पर नया शहरी क्षेत्र विकसित करने की योजना आगे बढ़ाई है। इस विस्तार में करीब 10 लाख लोगों को बसाने और शुरुआती चरण के सेक्टरों के लिए ई-भूमि पोर्टल के जरिए जमीन जुटाने की प्रक्रिया शामिल है।
विभागीय जानकारी के अनुसार सेक्टर 92 से 158 तक 67 सेक्टरों की मास्टर रोड सिक्स-लेन बनेगी। इसकी चौड़ाई 200 फुट होगी, जबकि दोनों ओर 40-40 फुट चौड़ी सर्विस रोड भी बनेगी। बता दें जिले में इस समय 91 सेक्टर हैं। लेकिन इस प्लान के बाद सेक्टरों की संख्या 158 हो जाएगी।
जिला नगर योजनाकार मनीष यादव ने बताया कि 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण करने की तैयारी शुरुआती चरण में है। अभी बहुत सारे पहलू देखे जा रहे हैं। कई विभागों के अधिकारियों से बात हो रही है। मास्टर प्लान को लेकर बिल्डर लाबी भी सक्रिय हो गई है।
सालभर से तिगांव, बुखारपुर, जुन्हेड़ा, दयालपुर, बदरौला सहित आसपास के गांव में जमीन की खरीद तेजी से हो रही है। इस वजह से यहां जमीन के दाम में काफी बढ़ोतरी हो रही है। कई किसानों ने जमीन बेचनी शुरू कर दी है तो काफी अभी और दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।