New hospital approved : हरियाणा के इस शहर में 60 करोड़ से बनेगा नए अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग ने दी मंजूरी
स्वास्थ्य विभाग हरियाणा द्वारा उपमंडल व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है। जहां पर ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं उपमंडल स्तर पर नए अस्पताल का निर्माण किया है। स्वास्थ्य विभाग ने बरवाला में नए अस्पताल की मंजूरी दी है।
बरवाला के वर्तमान परिसर में 50 बिस्तरों वाले नए अस्पताल के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा परियोजना के लिए 60.58 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। विभाग द्वारा बनाए जा रहे नए भवन में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सके।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल का निर्माण वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित बजट प्रावधानों के अंतर्गत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरवाला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जिला अस्पताल की तरह मिलेगी सुविधाएं
बरवाला में बनने वाले नए अस्पताल भवन को भविष्य को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा। जहां पर मरीजों की ओपीडी के साथ आप्रेशन थियेटर बनाए जाएंगे। अस्पताल को जिला स्तर पर मिलने वाली आधुनिक सुविधाओं के हिसाब से तैयार किया जाएगा, ताकि मरीजों को नजदीक की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके।
यह अस्पताल वैसे ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिसार चंडीगढ़ मार्ग पर होने के कारण वाहनों का दबाव ज्यादा रहता है और मरीजों को तुरंत ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेगी। इसके अलावा आसपास के गांवों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल पाएगी।