{"vars":{"id": "141324:5161"}}

New E bus Service : 60 हजार लोगों का सफर होगा आसान, बस स्टैंड से यूनिवर्सिटी, कॉलेज, रायपुर तक दौड़ेगी ई-बस

 

New E bus Service : हरियाणा के बड़े शहरों में ई-बसों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले शहर के अंदर के हिस्सों अब गांवों तक ई-बसें पहुंचने लगी है। इसी कड़ी में हिसार में मिल गेट और सेक्टर 1-4 क्षेत्र के लोगों को जल्द ई-बस की सुविधा मिलने जा रही है। 

यह ई-बस हिसार बस स्टैंड से जीजेयू, महिला कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज और एयरपोर्ट चौक से होते हुए मिलगेट व सेक्टर 1-4 तक पहुंचेगी। इसके बाद बस शिकारपुर और रायपुर तक जाएगी। इस रूट को लेकर निगम की बैठक में प्रस्ताव पारित हो चुका है।

इस मामले में रोडवेज जीएम महाप्रबंधक ने ई-बस संचालन के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। अब परिवहन विभाग रूट प्लान तैयार कर रहा है। उसके बाद ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इस बस सेवा के शुरू होने से शहर के वार्ड 6, 7, 8 और 9 सहित संबंधित क्षेत्र के करीब 60 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। 

अभी इन क्षेत्रों के लोगों को बस स्टैंड, कॉलेजों और शहर के दूसरे हिस्सों तक आने-जाने के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। ई-बस चलने से लोगों को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोज शहर में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। मिलगेट और सेक्टर 14 वासियों को सुविधा होगी।

यह रहेगा रूट प्लान 
प्रस्तावित रूट के अनुसार ई-बस हिसार बस स्टैंड से रवाना होकर जीजेयू, महिला कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज और एयरपोर्ट चौक से गुजरेगी। इसके बाद मिलगेट और सेक्टर 1-4 होते हुए शिकारपुर और रायपुर तक पहुंचेगी। इस रूट से शहर के शैक्षणिक संस्थानों, रिहायशी क्षेत्रों और आसपास के गांवों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। रूट प्लान तैयार होने के बाद बस के संचालन और स्टॉपेज से संबंधित व्यवस्था स्पष्ट होगी।

हिसार रोडवेज जीएम राहुल मित्तल का कहना है कि प्रस्तावित रूट हिसार बस स्टैंड से रायपुर तक करीब 13 किलोमीटर दूरी है। इसके अनुसार ई-बस का किराया 25 रुपए निर्धारित किया गया है। इससे यात्रियों को शहर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। फिलहाल रूट प्लान तैयार होने की प्रक्रिया बाकी है।